छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में आईटीआई कॉलेज के हॉस्टल में रहने वाले छात्रों को पिछले डेढ़ साल से भोजनवृत्ति की राशि नहीं मिल पा रही है। जिस कारण उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस मुद्दे को लेकर सोमवार दोपहर एनएसयूआई (NSUI) के साथ छात्रों ने कॉलेज परिसर में विरोध प्रदर्शन किया और प्राचार्य को ज्ञापन सौंपा।
छात्रों ने बताया कि आईटीआई में पढ़ने वाले 60 से अधिक छात्र हॉस्टल में निवास करते हैं। उन्हें केंद्र सरकार की ओर से प्रति माह लगभग 1,200 रुपए भोजनवृत्ति के रूप में मिलते हैं, लेकिन पिछले करीब डेढ़ वर्ष (लगभग 18 माह) से राशि का भुगतान नहीं हुआ है।
छात्रों के अनुसार सत्र 2023–25 के विद्यार्थियों की भोजनवृत्ति लंबित है। कुल बकाया राशि लगभग 3 लाख रुपये बताई गई है, जिसका अब तक शासन-प्रशासन की तरफ से भुगतान नहीं किया गया है। अधिकांश छात्र आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से आते हैं। ऐसे में भोजनवृत्ति नहीं मिलने से उन्हें गंभीर आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
प्राचार्य कक्ष के सामने जमीन पर बैठकर एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की। इस दौरान आईटीआई कॉलेज अध्यक्ष कुलदीप सिदार, एनएसयूआई जिला सचिव गौरव साव, आदेश कश्यप, बलराम गोंड़, संदीप पटेल सहित अन्य छात्र उपस्थित थे।
सप्ताह भर में समाधान नहीं तो कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन
एनएसयूआई जिला सचिव गौरव साव ने बताया कि प्राचार्य को ज्ञापन सौंपा गया है और उन्होंने समस्या के समाधान का आश्वासन दिया है। छात्र नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि एक सप्ताह के भीतर भोजनवृत्ति की राशि जारी नहीं की गई, तो कलेक्ट्रेट में विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
छात्रों ने मांग की है कि लंबित 3 लाख रुपए की भोजनवृत्ति राशि का भुगतान फरवरी माह के भीतर छात्रों के खातों में किया जाए।