छत्तीसगढ़ के गरियाबंद में सोमवार देर रात नेशनल हाईवे- 130 सी पर धान से भरे ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी और करीब 3 किलोमीटर तक बाइक सवार को घसीटता ले गया

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के गरियाबंद में सोमवार देर रात नेशनल हाईवे- 130 सी पर धान से भरे ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी और करीब 3 किलोमीटर तक बाइक सवार को घसीटता ले गया। हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। घटना देवभोग थाना क्षेत्र की है।

मृतक की पहचान कुम्हड़ी के रहने वाले अशोक यादव (42) के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, अशोक यादव अपने रिश्तेदार गुड़िया यादव के साथ ओडिशा से सामाजिक कार्यक्रम से लौट रहे थे। इस दौरान चिचिया के पास धान से भरे ट्रक ने बाइक सवार को टक्कर मार दी।

टक्कर के बाद गुड़िया यादव दूर जा गिरीं, जिससे उनकी जान बच गई। टक्कर के असर से ट्रक का आगे का बायां टायर भी फट गया। इसके बाद भी ड्राइवर ट्रक लेकर आगे बढ़ता रहा। ऐसे में अशोक के ऊपर ट्रक का पिछला पहिया चढ़ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। शव के अवशेष लगभग 15 मीटर तक फैले मिले।

ग्रामीणों ने पकड़ा ट्रक

ग्रामीणों ने बरवाहली के पास ट्रक को रोक लिया। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी फैजुल हुदा शाह मौके पर पहुंचे। घेराबंदी कर ट्रक को जब्त किया गया। पुलिस ड्राइवर को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

दो दिन पहले भी चार की गई थी जान

इसी क्षेत्र में दो दिन पहले भी सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हुई थी। पिछले 14 माह में देवभोग थाना क्षेत्र में 25 से अधिक लोगों की सड़क हादसों में मौत हो चुकी है। ज्यादातर घटनाएं हाईवे पर हुई हैं।

साल भर पहले बना नेशनल हाईवे अब पहले से दोगुना चौड़ा है। बीच में सफेद पट्टी भी है। इसके बाद भी कई स्थानीय चालक अपनी लेन छोड़ दूसरी लेन में वाहन चला रहे हैं।

Exit mobile version