
यह वारदात 22 फरवरी की रात करीब 10.40 बजे की बताई जा रही है। प्रार्थी कैंप-2 भिलाई निवासी महादेव बाघमारे (61) की शिकायत पर भिलाई भट्टी थाना पुलिस ने दो नकाबपोश अज्ञात आरोपियों के खिलाफ बीएनएस 3(5) और 304 (2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है।
एक्सल गाड़ी के बीच में रखा था कैश का बैग प्रार्थी ने पुलिस को बताया कि रविवार को मैं अपनी गाड़ी टीवीएस एक्सल से बाजार के बाद अपने घर जा रहा था। मेरे बैग में एक लाख 70 हजार रुपए कैश था। रात के करीब 10.40 बजे पावर हाउस ओवरब्रिज के उपर सेक्टर की तरफ में पहुंचा था कि दो अज्ञात लड़के काले रंग की पल्सर बाइक में मेरे दाहिने तरफ से पहुंचकर गाड़ी के सामने रखे मेरे पैसे के थैले को जिसमें एक लाख सत्तर हजार रुपए था उसे चलती गाड़ी से छिनकर भाग गए।
दो दिनों तक सुराग खंगालती रही पुलिस बता दें कि यह पूरा मामला 22 फरवरी की रात का है। प्रार्थी की शिकायत के आधार पर पहले पुलिस ने तस्दीक की। घटना स्थल के आस-पास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला गया। प्रार्थी से कई बार पूछताछ की गई। इसके बाद 24 फरवरी को अपराध पंजीबद्ध किया गया है। बताया जा रहा है कि पावर हाउस ब्रिज के पास सीसीटीवी कैमरा नहीं होने की वजह से वहां किसी भी तरह के फुटेज सामने नहीं आए हैं। मामले में पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
इधर… पद्मानभपुर और कुम्हारी में भी झपटमारी भिलाई में मसाला व्यापारी से झपटमारी के बीच दुर्ग जिले में दो झपटमारी की घटनाएं और सामने आई है। इसमें एक मामला पद्माभपुर दुर्ग का है। यहां एक महिला के गले से सोने के चेन की स्नेचिंग हो गई। वहीं तीसरी घटना कुम्हारी थाना क्षेत्र की है जहां पर तीन युवकों ने एक व्यक्ति से उसके भेड़ और पांच हजार रुपए नगद की झपटमारी कर ली। कुम्हारी थाना क्षेत्र में हुए अपराध में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
महिला के गले से सोने के चैन की स्नेचिंग पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत रविवार 22 फरवरी को ही सुबह घर के बाहर मॉर्निंग वॉक कर रही महिला के पास एक व्यक्ति स्कूटी से आया और गले से सोने के चैन को खींचकर भाग गया। चेन का वजन करीबन ढाई तोला का था जिसे झपटा। झपटने से मेरे सोने के चैन का एक हिस्सा मेरे कपड़े मे ही फंस गया और एक हिस्सा करीबन डेढ तोला को लेकर भाग गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
कुम्हारी में भेड़ छिनने वाले आरोपी पकड़ाए वहीं कुम्हारी थाना क्षेत्र में झपटमारी का अनोखा मामला सामने आया है। 22 फरवरी को प्रार्थी मोहम्मद अशरफ उर्फ सुल्तान कुरैशी, निवासी अहिवारा ने थाना कुम्हारी में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह ग्राम अकोला कपासबाड़ी से एक भेड़ खरीदकर मोटरसाइकिल से लौट रहा था। शाम करीब 6:15 बजे केडिया नाला के आगे पंचदेवरी तिराहा कच्चे मार्ग पर काले रंग की स्कूटी सवार तीन युवकों ने उसका पीछा कर एक भेड़ और 5 हजार रुपए नकद छीन लिए। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। एक आरोपी की तलाश जारी है। वहीं आरोपियों को कुम्हारी के चौक पर कान पकड़कर पैदल चलाया है।