छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में अवैध कबाड़ के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने ‘ऑपरेशन प्रहार’ शुरू किया

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में अवैध कबाड़ के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने ‘ऑपरेशन प्रहार’ शुरू किया है। इसके तहत घरघोड़ा से रायगढ़ की ओर जा रहे चार ट्रकों को घेराबंदी कर पकड़ा गया। ट्रकों में लोड करीब 80 टन अवैध कबाड़ जब्त किया गया।

मामला पूंजीपथरा थाना क्षेत्र का है। दरअसल, पूंजीपथरा पुलिस को सूचना मिली कि घरघोड़ा की ओर से कबाड़ लोड ट्रक रायगढ़ आ रहे हैं। इसके बाद सामारूमा रोड पर घेराबंदी कर जांच शुरू की गई। सामने से आ रहे ट्रकों को रोककर तलाशी ली गई।

तलाशी में लोहे के एंगल, पाइप, टिन और अन्य कबाड़ के टुकड़े मिले। कुल वजन लगभग 80 टन आंका गया। कबाड़ का बाजार मूल्य करीब 28 लाख 35 हजार रुपए बताया गया। कबाड़ और चारों ट्रकों सहित कुल 82 लाख रुपए की संपत्ति जब्त की गई है।

पूछताछ में चालकों ने अपना नाम सुल्तान खान (60) निवासी कुनकुरी जिला जशपुर, जाकिर मोहम्मद (30) निवासी गेरवानी, महकुल अहमद (50) निवासी चैनपुर जिला बलिया उत्तर प्रदेश, रघुवीर यादव (45) निवासी गडिगया जिला दमोह मध्य प्रदेश बताया।

कबाड़ के वैध दस्तावेज मांगने पर कोई कागजात प्रस्तुत नहीं किए गए। चोरी की संपत्ति होने की आशंका पर अपराध दर्ज किया गया। कार्रवाई के दौरान कुछ चालकों ने विरोध भी किया।

आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई

इस मामले में SSP शशि मोहन सिंह ने बताया कि अवैध कबाड़ से लोड चार ट्रक पकड़े गए हैं। अवैध कारोबार, चोरी की संपत्ति और संगठित अपराध के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। संलिप्त लोगों पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।