छत्तीसगढ़ में बिलासपुर हाईकोर्ट और बलौदाबाजार जिला कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी भरा ई-मेल मिला

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ में बिलासपुर हाईकोर्ट और बलौदाबाजार जिला कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी भरा ई-मेल मिला है। सुबह इस मैसेज में हाईकोर्ट परिसर को निशाना बनाने की बात लिखी गई थी। जिसके बाद पुलिस तुरंत अलर्ट मोड पर आ गई और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई।

सूचना मिलते ही एसएसपी रजनेश सिंह खुद टीम के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे परिसर को सुरक्षा घेरे में लिया गया। एंट्री-एग्जिट पर सख्ती बढ़ा दी गई थी। वहीं, बलौदाबाजार जिला कोर्ट को साइनाइड गैस और आरडीएक्स का इस्तेमाल कर उड़ाने की बात इमेल के जरिए की गई थी। प्रारंभिक जांच में यह ईमेल फर्जी पाया गया है।

बलौदाबाजार कोर्ट को भी उड़ाने की धमकी

बलौदाबाजार जिला एवं सत्र न्यायालय को बुधवार सुबह 11:01 बजे यह संदिग्ध ई-मेल मिला। इसमें साइनाइड गैस और आरडीएक्स का इस्तेमाल कर न्यायालय को ब्लास्ट करने की बात कही गई थी।

मेल में 11 बजे तक जजों और अन्य लोगों को न्यायालय से बाहर निकालने की चेतावनी लिखी गई थी। यह ई-मेल ‘sunniya_dasan@outlook.com’ आईडी से भेजा गया था। हालांकि जांच में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। प्रारंभिक जांच में ई-मेल भी फर्जी बताया जा रहा है।

प्रदेश के कई कोर्ट को मिल चुकी है धमकियां

पिछले कुछ महीनों में देश के अलग-अलग हिस्सों में उच्च न्यायालयों और जिला न्यायालयों को इसी तरह के धमकी भरे ई-मेल मिलते रहे हैं। छत्तीसगढ़ में भी कई जिलों में ऐसे मामले सामने आ चुके हैं। जिनमें व्यापक जांच और सर्च ऑपरेशन चलाए गए, लेकिन भेजने वालों की पहचान स्पष्ट नहीं हो पाई।

सुरक्षा में कोई ढिलाई नहीं बरती जाएगी

फिलहाल पुलिस और साइबर टीम ईमेल के स्रोत को ट्रेस करने में जुटी है। सर्वर, आईपी एड्रेस और डिजिटल ट्रेल की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि, किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी है। जांच पूरी होने तक सुरक्षा में कोई ढिलाई नहीं बरती जाएगी।

Exit mobile version