जगदलपुर शहर के राष्ट्रीय राजमार्ग-30 स्थित इंद्रावती नदी में कूदे 19 साल के युवक का शव बुधवार सुबह बरामद कर लिया गया

Chhattisgarh Crimesजगदलपुर शहर के राष्ट्रीय राजमार्ग-30 स्थित इंद्रावती नदी में कूदे 19 साल के युवक का शव बुधवार सुबह बरामद कर लिया गया। युवक ने सुसाइड से पहले अपनी मां को फोन कर कहा था कि, अलविदा, जा रहा हूं अब नहीं लौटूंगा है। फिर इंद्रावती नदी में छलांग लगा दी। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, युवक तरुण दास (19) शहर में पदस्थ एक महिला आरक्षक का बेटा था। मंगलवार रात उसने अपनी मां को फोन कर कहीं जाने की बात कही और दोबारा वापस नहीं आने की बात कहकर कॉल काट दिया। बेटे की बात सुनकर घबराई मां ने तत्काल कोतवाली पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस

इसी बीच पुलिस को खबर मिली कि, एक युवक ने इंद्रावती नदी में छलांग लगा दी है। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और नगर सेना की एसडीआरएफ टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल से युवक का चप्पल और मोबाइल फोन बरामद हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों ने भी पुलिस को बताया कि उन्होंने एक युवक को नदी में कूदते देखा था।