बिलासपुर में दिनदहाड़े एक बदमाश ने चलती गाड़ी से महिला का पर्स लूट लिया

Chhattisgarh Crimesबिलासपुर में दिनदहाड़े एक बदमाश ने चलती गाड़ी से महिला का पर्स लूट लिया। जिसमें मोबाइल, कैश समेत जरूरी दस्तावेज रखे थे। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से वारदात में इस्तेमाल स्कूटी, मोबाइल और कैश बरामद भी कर लिया गया है। घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र की है।

दरअसल, टीआई देवेश राठौर ने बताया कि, तोरवा थाना क्षेत्र के देवरीखुर्द सतबहनिया मंदिर के पास रहने वाली चट्रती रीता राव सोमवार को अपनी स्कूटी CG10 AP 2103 से टैगौर चौक के पास एक होटल में आयोजित समारोह में शामिल होने जा रही थीं।

उनके साथ उनकी 12 वर्षीय बेटी और 19 वर्षीय भतीजी भी थीं। जैसे ही उनकी स्कूटी होटल के पास पहुंची, पीछे से आ रहे स्कूटी सवार युवक ने पीछे बैठी भतीजी से पर्स झपट लिया। जिसके बाद वो तेजी से भाग निकला।

इस घटना के बाद महिला तत्काल कोतवाली थाने पहुंची और घटना की जानकारी दी। उसने पुलिस को बताया कि, लूटे गए पर्स में एक मोबाइल, 4500 रुपए कैश और घर के साथ ही आलमारी की चाबियां रखी थीं। पुलिस मामले में झपटमारी का केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी। इस दौरान सीसीटीवी फुटेज की जांच कर पुलिस ने संदेही युवक की पहचान कर उसे पकड़ लिया।

टिकरापारा से पकड़ा गया आरोपी

घटना स्थल पर लगे सीसीटीवी फुटेज और मुखबिरों की मदद से आरोपी की तलाश शुरू की। मुखबिरों की सूचना पर पुलिस ने पुराना हाई कोर्ट के पीछे अटल आवास के सामने रहने वाले आरोपी सौरभ पासी (20) पिता दिनेश पासी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से लूट के रुपए, मोबाइल समेत चाबियां भी बरामद की है।