सरगुजा के नेशनल हाईवे-43 पर शांतिपारा के पास दो बाइकों की भिड़ंत में युवा भाजपा नेता समेत दो युवकों की मौत हो गई। एक घायल का इलाज अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में किया जा रहा है। वहीं, अंबिकापुर-प्रतापपुर मुख्य मार्ग पर केरता के पास दो बाइकों की टक्कर में दो युवकों की मौत हो गई। घटना सरगुजा के बतौली और सूरजपुर के खड़गवां चौकी क्षेत्र की है।
जानकारी के मुताबिक, बुधवार रात 8.30 बजे नेशनल हाईवे-43 पर शांतिपारा पुलिया के पास दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। दोनों बाइक सवार उछलकर सड़क पर जा गिरे। हादसे में पोकसरी निवासी युवा भाजपा नेता कमला प्रसाद उर्फ संजय यादव पिता मोतिया यादव (32) की मौके पर ही मौत हो गई।
उनके साथ बाइक पर सवार पोकसरी निवासी राजू सिंह (32) गंभीर रूप से घायल हो गए। दूसरे बाइक में सवार बतौली कालीपुर निवासी प्रमोद कुजूर (35) का भी पैर टूट गया है।
दो की मौत, एक का इलाज जारी
हादसे के बाद तीनों को स्थानीय लोगों की मदद से हॉस्पिटल पहुंचाया गया। अस्पताल में संजय यादव को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। दोनों घायल को मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया।
अंबिकापुर में इलाज के दौरान गुरुवार को राजू सिंह की भी मौत हो गई। हादसे में उनके सिर में चोटें आई थीं। परिजनों ने बताया कि किसान मोर्चा मंडल अध्यक्ष संजय यादव अपने साथी राजू सिंह के साथ रात में वापस घर जा रहे थे। उनके बाइक की सामने से आ रही तेज रफ्तार पल्सर बाइक सवार प्रमोद कुजूर से भिड़ंत हो गई। संजय यादव पोकसरी के उप सरपंच भी थे।
सूरजपुर में दो बाइकों की भिड़ंत में दो की मौत
इधर, सूरजपुर जिले के पंक्षीडांड के पास दो बाइकों की भिड़ंत में दो युवकों की मौत हो गई। बुधवार दोपहर प्रतापपुर ब्लॉक के सवतार निवासी रितिक बेक (21) की बाइक सामने से तेज रफ्तार में आ रहे राजपुर के सेवारी निवासी विनोद कुमार तिरखाई (36) की बाइक से जा टकराई। हादसे में दोनों के सिर में गंभीर चोटें आईं।
दोनों को मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल भेजा गया। मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में दोनों को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतकों के पास मिले दस्तावेजों और फोन से दोनों की शिनाख्त हुई। सूचना पर दोनों मृतकों के परिजन देर रात अंबिकापुर पहुंचे।
परिजनों ने बताया कि, रितिक बेक बुधवार दोपहर बारात जाने की बात कहकर घर से बाइक लेकर निकला था। वहीं, दूसरे बाइक में सवार विनोद कुमार तिरखाई किसी काम से अंबिकापुर आया था। नेशनल हाईवे 343 की खस्ताहाल स्थिति के कारण वो पंक्षीडांड होकर घर लौट रहा था।
पुलिस ने दोनों मामलों में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। खड़गवां पुलिस चौकी को मर्ग डायरी भेजी जा रही है।