सरगुजा के निजी स्कूलों की परीक्षाएं 3 और 5 मार्च को आयोजित नहीं होंगी

Chhattisgarh Crimesसरगुजा के निजी स्कूलों की परीक्षाएं 3 और 5 मार्च को आयोजित नहीं होंगी। अभिभावक संघ ने होली के एक दिन पहले और ठीक दूसरे दिन वार्षिक परीक्षाएं आयोजित करने पर आपत्ति की थी। छात्रों और अभिभावकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया है।

सरगुजा के DEO दिनेश कुमार झा ने जिले के समस्त अनुदान प्राप्त और अशासकीय विद्यालयों (बोर्ड-सीजी, सीबीएसई, आईसीएसई) के प्रिंसिपल और हेड मास्टरों को निर्देश जारी किया है कि 3 मार्च और 5 मार्च 2026 को विद्यालय स्तर से आयोजित की जाने वाली स्थानीय परीक्षाएं आयोजित न की जाएं।

अभिभावक संघ ने की थी आपत्ति

शहर के एक बड़े निजी स्कूल सहित कुछ अन्य स्कूलों ने अपनी वार्षिक परीक्षा की समय-सारणी में 3 और 5 मार्च को परीक्षाएं रखी थी। इस पर जनप्रतिनिधियों और अभिभावक संघ ने आपत्ति जताई।

अभिभावक संघ ने कहा कि 4 मार्च को होली है और इसके पहले और बाद के दिन स्कूल आने-जाने में कठिनाई की संभावना रहती है। इसे ध्यान में रखते हुए उन्होंने परीक्षा तिथियों में बदलाव की मांग की थी। शहर के कार्मेल कॉन्वेंट स्कूल समेत कुछ स्कूलों में ये वार्षिक परीक्षाएं इसी दौरान आयोजित हो रही थीं।

परीक्षा तिथि बदलकर सूचना देने का निर्देश

जिला प्रशासन ने छात्रों के हित और आसानी से आवागमन सुनिश्चित करने के लिए इन तिथियों की परीक्षाएं स्थगित करने के आदेश दिए हैं। स्कूल प्रबंधन को निर्देश दिया गया है कि नई परीक्षा तिथियों की जानकारी समय पर छात्रों और उनके अभिभावकों को दें।

Exit mobile version