गौरैला रेलवे ओवरब्रिज के पास एक रबर गोदाम में आग लग गई

गौरैला रेलवे ओवरब्रिज के पास एक रबर गोदाम में आग लग गई। इस घटना में लाखों रुपये के रेलवे रबर पैड्स और अन्य निर्माण सामग्री जलकर खाक हो गई। आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार कई किलोमीटर दूर से देखा जा सकता था।

यह गोदाम गौरैला ओवरब्रिज के ठीक बगल में स्थित है और इसमें पेंड्रारोड-गेवरारोड रेलवे लाइन निर्माण के लिए आवश्यक सामग्री रखी गई थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग सबसे पहले गोदाम में रखे रेलवे रबर पैड्स में लगी। रबर सामग्री होने के कारण आग तेजी से फैली।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और दमकल की टीमें मौके पर पहुंच गईं। तेज हवाओं के कारण आग बुझाने के काम में काफी मुश्किलें आईं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

घटना की जांच जारी

गौरेला थाना प्रभारी सौरभ सिंह ने बताया कि पेंड्रारोड-गेवरारोड रेलवे लाइन निर्माण के लिए रबर पैड्स इस गोदाम में रखे गए थे। उन्होंने यह भी बताया कि तेज हवाओं के कारण आग की लपटें काफी तेज थीं।

फिलहाल, आग लगने के सटीक कारणों का पता नहीं चल पाया है और जांच जारी है। इस घटना से रेलवे निर्माण कार्य को बड़ा झटका लगा है। गनीमत रही कि रबर पैड्स के अलावा किसी अन्य जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है।

Exit mobile version