दुर्ग शहर में 16 फरवरी की रात हुए हत्याकांड के मुख्य आरोपी मनीष देशमुख उर्फ पाडू के अवैध होटल को शुक्रवार को ध्वस्त कर दिया गया

Chhattisgarh Crimesदुर्ग शहर में 16 फरवरी की रात हुए हत्याकांड के मुख्य आरोपी मनीष देशमुख उर्फ पाडू के अवैध होटल को शुक्रवार को ध्वस्त कर दिया गया। नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम ने मोहन नगर क्षेत्र में यह कार्रवाई की।

यह घटना 16 फरवरी 2026 को रात करीब 9:30 बजे मोहन नगर थाना क्षेत्र के शक्ति नगर चौक, मानस भवन के पास शिवजी की बारात के दौरान हुई थी। पुरानी रंजिश को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो मारपीट में बदल गया। आरोपियों ने क्षय कुमार गोड उर्फ नानू पर धारदार हथियार से हमला किया था।

गंभीर रूप से घायल नानू को सिकोला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के मुताबिक, पुरानी रंजिश में 7 आरोपियों ने मिलकर वारदात को अंजाम दिया था।

7 आरोपी पकड़ाए थे

मृतक के पिता शिव कुमार गोड की रिपोर्ट पर मोहन नगर थाने में अपराध क्रमांक 134/2026 के तहत धारा 103, 109, 3(5) BNS में मामला दर्ज किया गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एक विशेष टीम का गठन किया। घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर सात आरोपियों की पहचान कर उन्हें विभिन्न स्थानों से गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में आरोपियों ने पुरानी रंजिश के चलते हमला करना स्वीकार किया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार भी जब्त कर लिया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

आरोपी ने अवैध कब्जा कर बनाया था होटल

जांच में यह भी सामने आया कि मुख्य आरोपी मनीष देशमुख ने शक्ति नगर चौक स्थित मानस भवन के पास शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा कर एक होटल संचालित कर रखा था।

दुर्ग पुलिस ने इस संबंध में नगर निगम को पत्राचार किया। वैधानिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध निर्माण को बुलडोजर से ध्वस्त कर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया।