छत्तीसगढ़ में पिछले 24 घंटे में अलग-अलग जिलों में हुए सड़क हादसों में 3 युवकों की मौत हो गई। कोरबा में भारी वाहन की चपेट में आने से एक वीडियोग्राफर की जान चली गई। वह होली सेलिब्रेशन में फोटो शूट के ऑर्डर के संबंध में बात करने जा रहा था।
दुर्ग जिले में सीमेंट प्लांट में काम करने जा रहे मजदूर की बाइक को ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पीछे बैठा दोस्त बाल-बाल बच गया।
तीसरा हादसा मनेंद्रगढ़ जिले में हुआ। जहां कंटेनर वाहन और बाइक की आमने-सामने की भिड़ंत में बाइक सवार कर्मचारी की मौके पर ही मौत हो गई।
केस 1 – कोरबा में वीडियोग्राफर की मौत
कोरबा में मानिकपुर रेलवे कॉलोनी मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार भारी वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना 27 फरवरी की रात पेट्रोल पंप के पास हुई। हादसे के बाद वाहन चालक फरार हो गया। सूचना मिलने पर मानिकपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला मेडिकल अस्पताल भेजा।
मृतक की पहचान गौरव श्रीवास (22) के रूप में हुई है, जो सीएसईबी का निवासी था। गौरव श्रीवास पेशे से वीडियोग्राफर था। वह होली के लिए मिले वीडियोग्राफी के ऑर्डर के संबंध में बात करने जा रहा था। पुलिस की सूचना पर उसके दोस्त और परिजन घटनास्थल पर पहुंचे।
केस 2 – कंटेनरऔर बाइक की भिड़ंत, 1 मौत
एमसीबी जिले के खोंगापानी क्षेत्र अंतर्गत घुटरीटोला चेकपोस्ट के समीप शुक्रवार देर शाम एक सड़क हादसा हो गया। कंटेनर वाहन और बाइक की आमने-सामने की भिड़ंत में बाइक सवार 27 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान दुर्गेश केवट (27) निवासी वार्ड क्रमांक 15 मनेन्द्रगढ़ के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, दुर्गेश बिजुरी की ओर से आ रहा था, तभी मनेन्द्रगढ़ से बिजुरी की ओर जा रहे एक तेज रफ्तार कंटेनर वाहन से उसकी बाइक की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही खोंगापानी चौकी प्रभारी राकेश शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थिति का जायजा लिया और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है और आगे की जांच की जा रही है।
केस 3 – स्टील प्लांट मजदूर की गई जान
दुर्ग जिले के रसमड़ा स्थित रायपुर स्टील प्लांट के सामने ट्रक ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। उसके साथ बैठा दोस्त बाल-बाल बच गया। उसके सामने ही दोस्त ट्रक के पहिए में फंस गया। घटना पुलगांव थाना क्षेत्र की है।
जानकारी के मुताबिक, 27 फरवरी को ग्राम सलोनी निवासी ऐमंत साहू (25) अपने साथी के साथ बाइक (क्रमांक CG 07 ZR 3592) से रसमड़ा स्थित ए.एस. ग्लोबल फेब्रिकेशन कंपनी काम पर जा रहा था। बाइक ऐमंत चला रहा था और उसका दोस्त पीछे बैठा था। दोनों रोज इसी बाइक से कंपनी आते-जाते थे।
पीछे से आ रही ट्रक ने मारी टक्कर
जब वे रायपुर स्टील प्लांट के सामने पहुंचे, तभी पीछे से आ रहे ट्रक (क्रमांक CG 07 BF 3747) ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि ड्राइवर ट्रक को तेज रफ्तार और लापरवाही से चला रहा था। टक्कर इतनी जोरदार थी कि, पीछे बैठा युवक बाहर की ओर जा गिरा, जबकि ऐमंत ट्रक के नीचे की ओर फंस गया।
फंसने के बाद ड्राइवर ने आगे बढ़ा दी ट्रक, मौत
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि, हादसे के बाद ट्रक मौके पर ही चालू हालत में रुक गई। पीछे बैठे युवक को ज्यादा चोट नहीं आई, इसलिए वह तुरंत उठकर अपने दोस्त को बचाने के लिए दौड़ा। ऐमंत ट्रक के नीचे फंसा हुआ था और मदद के लिए चिल्ला रहा था। वहां मौजूद लोगों ने भी ट्रक ड्राइवर को बताया कि युवक नीचे फंसा है।
इसके बावजूद ड्राइवर ने लापरवाही करते हुए ट्रक को आगे बढ़ा दिया। ट्रक आगे बढ़ने से ऐमंत काफी दूर तक घसीटता चला गया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। लोगों ने शोर मचाकर ट्रक रुकवाया और फिर पीछे करवाकर ऐमंत को सामने वाले पहिए के पास से बाहर निकाला।