सरगुजा में पुलिस ने गांजा तस्करी करते हुए कार और बाइक सवार लोगों को पकड़ा है। कार में सवार चार लोगों से 4 किलो गांजा बरामद हुआ और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं, आबकारी की उड़नदस्ता टीम ने बाइक पर सवार एक युवक को दबोचा है, जिसके पास से भी 4 किलो गांजा मिला। दोनों मामले रघुनाथपुर पुलिस चौकी क्षेत्र के हैं।
जानकारी के मुताबिक, रघुनाथपुर पुलिस चौकी की टीम ने बीती शाम अंबिकापुर की ओर जा रही आई 20 कार (सीजी 10 एएल 8571) को रोका और तलाशी ली। जांच में कार सवारों के पास से 4 किलो गांजा बरामद हुआ। कार में सवार हेमसागर यादव (26 वर्ष) निवासी लैलूंगा, रायगढ़, खीरो यादव (25 वर्ष) निवासी तुमला, जशपुर और भूपेन्द्र यादव (24 वर्ष) निवासी लैलूंगा को पुलिस ने गिरफ्तार किया।
युवकों ने बताया कि वे रघुनाथपुर निवासी मुरारी चौबे को गांजा बेचने जा रहे थे। पुलिस ने मुरारी लाल चौबे (35 वर्ष) को भी गिरफ्तार किया। पुलिस ने गांजा तस्करी में इस्तेमाल कार को भी जब्त किया है। चारों के खिलाफ 20 बी नारकोटिक्स एक्ट की कार्रवाई की गई है। चारों आरोपियों को पुलिस ने कोर्ट में पेश कर दिया है।
बाइक सवार युवक से चार किलो गांजा जब्त शनिवार 28 फरवरी को रघुनाथपुर के उंचडीह-मोहनपुर रोड में बाइक सवारों को तेजी से जाते हुए देखकर संभागीय उड़नदस्ता दल ने उनका पीछा किया। बाइक को ओवरटेक कर रोकने पर बाइक सवार एक युवक भाग निकला।
पुलिस ने बाइक सवार युवक आशिष पटेल निवासी कोट रघुनाथपुर के पास रखे हुए बैग की जांच की तो उसमें चार किलो गांजा बरामद हुआ। आबकारी अमले ने युवक को गिरफ्तार किया।
संभागीय उड़नदस्ता प्रभारी रंजीत गुप्ता ने बताया कि युवक के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 20 बी के तहत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया गया। युवक को कोर्ट में पेश कर दिया गया है, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।