छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में एक अज्ञात घुमंतू महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने करीब डेढ़ महीने बाद आरोपी युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने महिला को खाना खिलाने का भरोसा देकर खेत में ले गया था। जहां उसने रेप की कोशिश की, विरोध करने पर उसने गला घोंटकर महिला की हत्या कर दी थी।
मामला थाना कुम्हारी क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, डेढ़ महीने पहले खेत में महिला का अर्धनग्न शव मिला था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने जांच तेज की और आरोपी तलाश शुरू की। मामले की जांच के लिए पुलिस ने पांच विशेष टीमें बनाई।
इसके अलावा 1000 से अधिक लोगों से पूछताछ की गई। 100 घंटे से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज देखे गए। लाखों कॉल डिटेल रिकॉर्ड खंगाले गए, तब जाकर पुलिस आरोपी तक पहुंची। रविवार को पुलिस टीम ने रेप के आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक महिला घुमंतू थी। हालांकि, शव की अब तक पहचान नहीं हो सकी है।
पढ़िए हत्या की पूरी कहानी
दरअसल, 17 जनवरी 2026 को कुम्हारी के केवल्य धाम के पीछे परसदा खार स्थित एक खेत में महिला का अर्धनग्न शव मिला था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक उसकी पहचान नहीं हो पाई थी। न उसका नाम पता था, न कोई परिचित सामने आया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ कि महिला की मौत गला दबाने से हुई है। इससे साफ हो गया कि यह हादसा नहीं, बल्कि हत्या का मामला है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच के लिए पांच विशेष टीमें गठित की।
1000 से अधिक लोगों से पूछताछ की गई। 100 घंटे से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। लाखों कॉल डिटेल रिकॉर्ड की जांच की गई। सुबह पांच बजे से देर रात तक टीमें लगातार काम करती रहीं। यह सब इसलिए क्योंकि मृतका की पहचान तक नहीं हो सकी थी।
संदिग्ध को हिरासत में लिया
पुलिस की जांच में एक-एक कर सभी कड़ियां जुड़ती गईं। जांच में समय जरूर लगा, लेकिन पुलिस धीरे-धीरे संदिग्ध तक पहुंचने में सफल रही। 28 फरवरी को पुलिस ने महाराजा देवार उर्फ राजा देवार (22) को हिरासत में लिया।
आरोपी के पास एक धारदार हथियार भी था। वह पुलिस पर हमला करने की कोशिश करने लगा, लेकिन पुलिस ने उसे काबू कर लिया और थाने ले आई। आरोपी कुम्हारी के रामनगर, बजरंग चौक, वार्ड क्रमांक 07 का निवासी है।
खाना खिलाने के बहाने खेत में ले गया
पुलिस ने संदेह के आधार पर एक युवक को हिरासत में लिया। इसके बाद उससे कड़ाई से पूछताछ शुरू की गई। पुलिस की पूछताछ के दौरान आरोपी ने पूरी घटना का खुलासा कर दिया। उसने बताया कि महिला उस क्षेत्र में घर-घर जाकर खाना मांग रही थी और वह भूखी थी।
आरोपी ने महिला को खाना खिलाने का भरोसा दिलाया। इसके बाद वह उसे बहाने से खेत की ओर ले गया। खेत में ले जाकर आरोपी ने महिला के साथ जबरदस्ती करने का प्रयास किया। महिला ने इसका विरोध किया और शोर मचाने लगी। इस पर आरोपी ने उसे शांत कराने के लिए उसका गला दबा दिया। जिससे उसकी मौत हो गई।
ASP बोले- रेप नहीं हुआ
एएसपी मणिशंकर चंद्रा के अनुसार, घुमंतू महिला के साथ दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हुई है। हालांकि जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपी ने महिला के साथ दुष्कर्म करने की कोशिश की थी। महिला ने विरोध कर अपनी आबरू बचा ली, लेकिन वह अपनी जान नहीं बचा सकी।
आरोपी ने उसकी हत्या कर दी। जिस स्थान पर वारदात हुई, वह पूरी तरह सुनसान इलाका है और वहां लोगों की आवाजाही नहीं होती। महिला का शव सात दिन बाद अर्धनग्न अवस्था में बरामद किया गया।
आरोपी को भेजा गया जेल
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। घटनास्थल से पुलिस ने एक चप्पल, आरोपी की टूटी हुई बटन वाली शर्ट, शर्ट का बटन, एक ए-वन पाउच और एक पानी की बोतल जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी पहले भी हत्या के मामले में नामजद रह चुका है। इन सबके बावजूद महिला की पहचान अब तक नहीं हो सकी है।