
पड़ोसियों को भनक लगने पर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने शव को टंकी से बाहर निकलवाया। आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में उसने कहा कि, गुस्से में ‘बाय मिस्टेक’ हो गया। घटना मणिपुर थाना क्षेत्र की है। पुलिस के मुताबिक, पिता ने शराब पीने का विरोध किया था। गुस्से में आकर बेटे ने वारदात की।
शराब पीने का विरोध करने पर भड़का था
जानकारी के मुताबिक, बहेरापारा निवासी पारस केरकेट्टा (50) अलग मकान में रहता था। उसके घर के पास ही किराए के मकान में उसका छोटा बेटा प्रभात केरकेट्टा उर्फ लेदा (25) रहता था। सोमवार (2 मार्च) रात प्रभात केरकेट्टा पिता के घर गया था।
करीब 11 बजे प्रभात शराब के नशे में घर पहुंचा। इस पर पिता पारस केरकेट्टा ने उसे डांटते हुए नाराजगी जताई। दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। भड़के प्रभात ने घर में रखी टांगी निकाल ली और पिता के सिर पर कई बार वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से पारस की मौके पर ही मौत हो गई।
शव टंकी में डाला, बिरयानी खाकर सो गया
पिता की मौत के बाद आरोपी ने शव को घर के बगल में बनी छोटी पानी की टंकी में डाल दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद वो पास की एक दुकान पर गया। बिरयानी खाया और वापस घर आकर कंबल ओढ़कर सो गया।
घटना के दौरान आसपास के लोगों ने विवाद होते देखा था। इसलिए पारस केरकेट्टा की हत्या की जानकारी आसपास के लोगों ने पुलिस को दी। सूचना पर मणिपुर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी प्रभात केरकेट्टा को हिरासत में ले लिया। पकड़े जाने के बाद आरोपी ने पुलिस से कहा कि यह घटना गुस्से में “बाय मिस्टेक” हो गया।