रायपुर में होली से पहले शहर में नशे में वाहन चलाने वालों पर पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई की

Chhattisgarh Crimesरायपुर में होली से पहले शहर में नशे में वाहन चलाने वालों पर पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई की है। विशेष अभियान के तहत 130 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई कर उनकी गाड़ियां जब्त कर ली गईं। कई चालक कार्रवाई के बाद पैदल ही घर लौटते नजर आए।

होली त्योहार को देखते हुए सुरक्षा के मद्देनजर यह अभियान चलाया गया। शराब के नशे में तेज रफ्तार वाहन चलाने से सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देश पर पुलिस उपायुक्त यातायात और प्रोटोकॉल विकास कुमार के मार्गदर्शन में शहरभर में 42 चेकिंग पॉइंट लगाए गए।अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त विवेक शुक्ला और दौलत राम पोर्ते के निर्देशन में सहायक पुलिस आयुक्तों की टीम ने शाम से देर रात तक जांच अभियान चलाया। सभी चेकिंग पॉइंट पर ब्रीथ एनालाइजर मशीन से वाहन चालकों की जांच की गई। जांच के दौरान 130 वाहन चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए।

गाड़ियां जब्ती की कार्रवाई

इस कार्रवाई में 39 कार, 73 बाइक, 3 ट्रक, 15 टाटा एस पिकअप और ई-रिक्शा शामिल हैं। सभी के खिलाफ मोटरयान अधिनियम की धारा 185 के तहत कार्रवाई करते हुए वाहनों को जब्त किया गया। जब्त वाहन यातायात मुख्यालय और संबंधित थानों में सुरक्षित रखे गए हैं।

नाकेबंदी प्वाइंट लगाकर अफसर कर रहे जांच

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, इन प्रकरणों को होली के बाद न्यायालय में पेश किया जाएगा। शराब पीकर वाहन चलाने पर प्रत्येक मामले में 10 हजार से 15 हजार रुपए तक जुर्माना लगाया जा सकता है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि होली तक विशेषकर रात के समय नियमित चेकिंग जारी रहेगी और नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version