छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में होली के दूसरे दिन 19 साल की युवती के साथ पांच युवकों ने गैंगरेप किया है। आरोपी रंग-गुलाल लगाने के बहाने युवती के घर पहुंचे थे। इसके बाद आरोपियों ने युवती की मां को शराब लेने बाहर भेज दिया।
घटना के समय युवती अपने घर में अकेली थी, जिसका फायदा उठाकर आरोपियों ने युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया।
पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने तीन नाबालिग सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह मामला केशकाल अनुविभाग अंतर्गत इरागांव थाना क्षेत्र का है।
अब जानिए पूरा मामला
जानकारी के अनुसार, गांव के कुछ युवक रंग-गुलाल लगाने के बहाने युवती के घर पहुंचे। उन्होंने युवती की मां को शराब लेने के लिए भेज दिया।
इसी दौरान, चार युवकों ने युवती को जबरन कमरे में ले जाकर बारी-बारी से दुष्कर्म किया। एक युवक घर के बाहर पहरा दे रहा था। जब युवती की मां वापस लौटी, तो उन्होंने दरवाजा बंद पाया। दरवाजा खोलकर देखा तो वे बेटी के साथ दुष्कर्म कर रहे थे। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
पीड़िता ने अगले दिन गांव में एक बैठक बुलाई, लेकिन आरोपी युवक उसमें शामिल नहीं हुए। इसके बाद पीड़िता ने देर शाम इरागांव थाने पहुंचकर पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत मिलते ही पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी और आरोपियों की तलाश में जुट गई।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई में सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में दो युवक बालिग बताए जा रहे हैं, जबकि तीन आरोपी नाबालिग हैं। पुलिस सभी से पूछताछ कर रही है और मामले की जांच जारी है।
आरोपियों के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई
एसपी पंकज चंद्रा ने कहा कि इस मामले में पुलिस सभी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी कर रही है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
एसपी ने बताया कि युवती घर पर अकेली थी। तभी चार लोग घर के अंदर घुस गए और एक बाहर पहरा दे रहा था। आरोप है कि उन्होंने युवती की मां को शराब लेने के बहाने घर से बाहर भेज दिया। जब मां वापस लौटी तो दरवाजा बंद था। दरवाजा खोलकर देखा तो वे लोग दुष्कर्म कर रहे थे।
अगले दिन गांव में बैठक बुलाई गई, लेकिन आरोपी युवक वहां नहीं आए। इसके बाद मामला थाने पहुंचा। शिकायत के बाद पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर उनसे पूछताछ कर रही है और मामले की गहन जांच जारी है। पुलिस ने पीड़िता को न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया है।