बिलासपुर में होली के दौरान सरकंडा के अटल आवास क्षेत्र में एक रिक्शा चालक का रिक्शा जला दिया गया

Chhattisgarh Crimesबिलासपुर में होली के दौरान सरकंडा के अटल आवास क्षेत्र में एक रिक्शा चालक का रिक्शा जला दिया गया। इस घटना के बाद श्री हनुमान सेवा समिति के सदस्य एम. संतोष ने पीड़ित रिक्शा चालक को तत्काल 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की।

होली की रात बदमाशों ने रिक्शे को किया आग के हवाले

यह घटना होली की रात करीब डेढ़ बजे हुई। कुछ बदमाशों ने रिक्शा चालक के खड़े रिक्शे को जलती होली में धकेल दिया। वृद्धावस्था के कारण रिक्शा चालक कुछ दूरी पर होने के बावजूद अपने रिक्शे को आग से बचा नहीं पाया।

सरकंडा टीआई प्रदीप आर्य ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज होने पर पुलिस कार्रवाई करेगी और पीड़ित की पूरी मदद की जाएगी। रिक्शा जलने से वह पूरी तरह खाक हो गया। रिक्शा चालक का गुजर-बसर इसी रिक्शे पर निर्भर था, जिससे अब पीड़ित परिवार सदमे में है।

नए रिक्शे से होगी पीड़ित चालक की मदद

एम. संतोष ने बताया कि एक नए रिक्शे का ऑर्डर दे दिया गया है, जो पांच दिनों के भीतर बनकर तैयार हो जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि नया रिक्शा मिलने पर बाकी के 10 हजार रुपये की राशि का भुगतान भी किया जाएगा, ताकि पीड़ित की पूरी तरह मदद हो सके।