बलौदा बाजार विकासखंड के ग्राम लवन में तहसील कार्यालय और स्वामी आत्मानंद शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने औचक निरीक्षण किया

Chhattisgarh Crimesबलौदा बाजार विकासखंड के ग्राम लवन में तहसील कार्यालय और स्वामी आत्मानंद शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने राजस्व मामलों में लापरवाही बरतने पर तहसीलदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।

कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने सबसे पहले तहसील कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का जायजा लिया। उन्होंने लंबित प्रकरणों की स्थिति का अवलोकन किया, जहां राजस्व निरीक्षक (आरआई) की रिपोर्ट मिलने के ढाई माह बाद भी संबंधित ऑर्डरशीट पूरी नहीं की गई थी। इस पर कलेक्टर ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए तहसीलदार पेखन टोंड्रे को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने राजस्व कार्यों से जुड़े ग्रामीणों से सीधा संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने मौके पर ही एसडीएम और तहसीलदार को समस्याओं के निराकरण के आदेश दिए। नकल शाखा में उन्होंने आवेदनों की स्थिति पूछी और नकल प्राप्त करने वाले ग्रामीण आकाश शर्मा से फोन पर बात कर प्रक्रिया की जानकारी ली। कलेक्टर ने लोक सेवा केंद्र और भुइया कक्ष का भी निरीक्षण किया और साफ-सफाई दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।

पारदर्शिता के साथ परीक्षा कराने के दिए निर्देश

इसके बाद कलेक्टर शर्मा स्वामी आत्मानंद शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पहुंचे, जहां कक्षा दसवीं की गणित विषय की परीक्षा चल रही थी। उन्होंने केंद्राध्यक्ष से परीक्षा केंद्र की व्यवस्थाओं की जानकारी ली और पारदर्शिता के साथ परीक्षा संपन्न कराने के निर्देश दिए। केंद्र प्रशासन ने बताया कि कुल 450 परीक्षार्थियों में से 436 उपस्थित थे।

इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ दिव्या अग्रवाल और एसडीएम प्रकाश कोरी सहित अन्य अधिकारीगण मौजूद थे।