छत्तीसगढ़ के धमतरी में देह व्यापार का भंडाफोड़ हुआ है। सिविल लाइन कॉलोनी में देर रात स्थानीय निवासियों ने एक मकान से संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त दो युवतियों और तीन युवकों को पकड़ा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी पांचों को हिरासत में ले लिया।
कॉलोनी वासियों ने बताया कि मकान से आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद हुई है। पकड़ी गई दोनों युवतियां बाहर की बताई जा रही हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों को कोतवाली थाने लाकर पूछताछ शुरू कर दी है। यह पूरा मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के सिविल लाइन कॉलोनी का है।
जानकारी के मुताबिक, सिविल लाइन कॉलोनी के लोगों को पिछले कई दिनों से एक मकान में संदिग्ध गतिविधियों की आशंका हो रही थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि उस मकान में लगातार अज्ञात लोगों का आना-जाना लगा रहता था, जिससे कॉलोनी के लोगों को शक हुआ।
शुक्रवार-शनिवार देर रात जब कॉलोनीवासियों ने एक बार फिर उसी मकान में गतिविधि देखी तो उन्होंने तुरंत एकजुट होकर मौके पर पहुंचकर जांच की। जब लोग कमरे के अंदर पहुंचे तो वहां दो युवतियां और तीन युवक मौजूद मिले। सभी को संदिग्ध हालत में देखकर कॉलोनीवासियों ने उन्हें पकड़ लिया। कुछ अन्य लोग मौके से भागने में सफल रहे।
बताया जा रहा है कि पकड़ी गई दोनों युवतियां बाहर की रहने वाली हैं। मौके से कुछ आपत्तिजनक सामान भी बरामद हुआ है, जिसके बाद लोगों का शक और गहरा गया। कॉलोनीवासियों ने तुरंत इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दी।v
पुलिस पकड़े गए युवक-युवतियों से कर रही है पूछताछ
सूचना मिलने के बाद पुलिस करीब आधे घंटे बाद मौके पर पहुंची। जबकि सिविल लाइन कॉलोनी और कोतवाली थाना के बीच की दूरी लगभग 3 किलोमीटर है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पकड़े गए दो युवतियों और तीन युवकों को अपने साथ कोतवाली थाने ले जाकर पूछताछ शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस कॉलोनी में यह घटना सामने आई है वह शहर का अच्छा और पॉश इलाका माना जाता है। ऐसे इलाके में इस तरह की गतिविधियां सामने आना बेहद शर्मनाक और चिंताजनक है। लोगों का कहना है कि यह सिर्फ कॉलोनी या वार्ड की ही नहीं बल्कि पूरे धमतरी शहर की छवि को प्रभावित करने वाली बात है।
कॉलोनीवासियों के मुताबिक उन्हें पहले भी इस मकान में गलत गतिविधियों की जानकारी मिलती थी, लेकिन पुख्ता सबूत नहीं होने के कारण वे कुछ नहीं कर पा रहे थे। शनिवार रात जब गतिविधियां ज्यादा दिखाई दीं तो कॉलोनी के लोग एक साथ इकट्ठा हुए और कार्रवाई करते हुए अंदर जाकर लोगों को पकड़ लिया।
फिलहाल पुलिस ने मामले को लेकर आधिकारिक रूप से कुछ भी कहने से इनकार किया है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और पूछताछ जारी है। पुलिस अधिकारियों ने संकेत दिया है कि शनिवार शाम तक कार्रवाई पूरी होने के बाद ही इस मामले में विस्तृत जानकारी दी जाएगी।