सरगुजा के संयुक्त संचालक शिक्षा संजय गुप्ता ने सूरजपुर जिले के सावारांवा मिडिल स्कूल के हेडमास्टर को सस्पेंड कर दिया है। साथ ही स्कूल के बाकी शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
होली के दूसरे दिन मिडिल स्कूल का ताला नहीं खुला था, जिसके कारण बच्चे कुछ देर तक स्कूल के बाहर बैठकर पढ़ते रहे। मामले की जानकारी मिलने पर डीईओ ने जांच टीम भेजी, तो स्कूल बंद मिला।
जानकारी के मुताबिक, भैयाथान ब्लॉक के सावारांवा मिडिल स्कूल में गुरुवार सुबह से ही ताला बंद था। बच्चे पढ़ने के लिए स्कूल पहुंचे, लेकिन कोई शिक्षक नहीं आया था। करीब 12 बजे तक बच्चे स्कूल के बाहर ही घूमते रहे।
इस दौरान कुछ बच्चे स्कूल के बाहर बैठकर पढ़ाई करते भी नजर आए। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था।
संयुक्त संचालक ने की कार्रवाई
स्कूल बंद मिलने की सूचना मिलने पर सूरजपुर डीईओ अजय मिश्रा ने जांच के लिए अधिकारियों की टीम को सावारांवा भेजा। जांच टीम जब स्कूल पहुंची तो वहां भी स्कूल का ताला बंद मिला।
अधिकारियों की सूचना पर एक शिक्षिक प्रीति टोप्पो 12 बजे स्कूल पहुंची और स्कूल का संचालन कराया। मामले में डीईओ ने हेडमास्टर संजय गुप्ता सहित 6 शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया था।
DEO की रिपोर्ट पर कार्रवाई
डीईओ के रिपोर्ट पर संयुक्त संचालक शिक्षा संजय गुप्ता ने सावारांवा स्कूल के हेडमास्टर संजय कुमार गुप्ता को सस्पेंड कर दिया है। उनका मुख्यालय ओड़गी बीईओ कार्यालय नियत किया गया है।
संयुक्त संचालक ने संकुल समन्वयक बैजनाथपुर रामजतन कुशवाहा सहित अन्य शिक्षकों ईशा खलखो, प्रीति टोप्पो, अजीत कुमार चंद्रा और रमेश चेसकर को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
संयुक्त संचालक ने तीन दिनों में शिक्षकों से नोटिस का जवाब मांगा है। उचित जवाब नहीं मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
शिक्षक के शराब पीने की भी शिकायत
स्कूल के बच्चों ने बताया कि स्कूल में पदस्थ शिक्षक रमेश चेसकर अक्सर शराब पीकर स्कूल पहुंचते हैं। बच्चों ने बीडीसी से बातचीत में यह भी बताया कि चेसकर सर के साथ गांव के कुछ लोग भी शराब पीकर स्कूल आ जाते हैं।
बच्चों के बयान का वीडियो भी डीईओ को भेजा गया था। डीईओ अजय मिश्रा ने कहा है कि इस मामले की भी जांच कराई जा रही है।