छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में कांग्रेस नेताओं ने अफीम की खेती के मामले को लेकर प्रदेश सरकार पर संरक्षण देने का आरोप लगाया

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के रायगढ़ में कांग्रेस नेताओं ने अफीम की खेती के मामले को लेकर प्रदेश सरकार पर संरक्षण देने का आरोप लगाया। इस मामले में कांग्रेस नेताओं ने पत्रकारवार्ता कर कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद से नशे का कारोबार तेजी से बढ़ा है।

जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष शाखा यादव ने कहा कि दुर्ग जिले के समोदा गांव में लगभग 10 एकड़ जमीन पर अफीम की खेती की जा रही थी। गांव के सरपंच ने इसकी जानकारी पुलिस को दी थी। मामले का खुलासा होने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल मौके पर पहुंचे।

वहां पहुंचकर उन्होंने भी बड़े पैमाने पर अफीम की खेती होते देखा। इतने बड़े स्तर पर अफीम की खेती बिना सरकारी संरक्षण के संभव नहीं है। जिस व्यक्ति की जमीन पर यह खेती हो रही थी, वह पहले भारतीय जनता किसान मोर्चा का जिलाध्यक्ष रह चुका है।

वर्तमान में राइस मिल संयोजक की जिम्मेदारी संभाल रहा है। भाजपा सरकार के कार्यकाल में अवैध कारोबार को बढ़ावा मिल रहा है। प्रदेश में सरकार बनने के बाद से जुआ, सट्टा जैसे नशे के कारोबार तेजी से बढ़े हैं।जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष शाखा यादव ने कहा कि इस मामले में दोषी अधिकारियों और राजनीतिक लोगों पर भी कार्रवाई होनी चाहिए। साथ ही प्रदेश के गृहमंत्री को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तत्काल इस्तीफा देना चाहिए।

नारेबाजी कर PM का पुतला दहन

पत्रकारवार्ता के बाद कांग्रेस नेताओं ने घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत बढ़ने के विरोध में नारेबाजी की। इसके बाद जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय से रैली निकालकर कार्यकर्ता बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ चौक पहुंचे।

चौक पर पहुंचकर कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारे लगाए। खाली गैस सिलेंडर हाथ में लेकर विरोध जताया और प्रधानमंत्री का पुतला दहन किया।

नगेन्द्र नेगी बोले- महंगाई से जनता परेशान

जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष (ग्रामीण) नगेन्द्र नेगी ने कहा कि गैस सिलेंडर के बढ़े हुए दामों के विरोध में प्रदेशभर में पुतला दहन कार्यक्रम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई से आम जनता परेशान हो चुकी है और महंगाई चरम सीमा पर पहुंच गई है।

विरोध प्रदर्शन में ये रहे मौजूद

विरोध प्रदर्शन के दौरान जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष (ग्रामीण) नगेन्द्र नेगी, पूर्व विधायक प्रकाश नायक, नगर निगम सभापति सलीम नियारिया, आशीष जायसवाल, संदीप अग्रवाल, वसीम खान, आशीष शर्मा, रानी चौहान समेत कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Exit mobile version