बिलासपुर के नेहरू नगर में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की बाथरूम में सिर पटककर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया

Chhattisgarh Crimesबिलासपुर के नेहरू नगर में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की बाथरूम में सिर पटककर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया। यह घटना 8 मार्च दोपहर करीब 1 बजे हुई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।

सिविल लाइन पुलिस के अनुसार, नेहरू नगर MIG-33 निवासी 37 वर्षीय पुष्पलता यादव की उसके पति युवराज यादव (43 वर्ष) ने हत्या की है। युवराज यादव मोहनभाठा, कोटा का रहने वाला है।

घटना से पहले मकान मालकिन घर खाली करने की बात कहने आई थी। इसी बात को लेकर युवराज ने शराब के नशे में पुष्पलता से गाली-गलौज शुरू कर दी। विवाद बढ़ने पर उसने पत्नी को घर के अंदर ले जाकर बाथरूम के पास उसका सिर पटक दिया। इस हमले में पुष्पलता के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद से फरार है शराबी पति

घटना के बाद आरोपी पति युवराज यादव फरार हो गया। सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच कर रही है और आरोपी की तलाश में जुट गई है। पुलिस टीमें गठित कर आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

शराब के नशे में की पत्नी की हत्या

सिविल लाइन थाने के टीआई सुम्मत साहू ने बताया कि दंपति करीब एक महीने पहले ही किराए के मकान में रहने आए थे। पुष्पलता यादव मजदूरी करके घर का खर्च चलाती थी, जबकि उसका पति युवराज शराब का आदी था और अक्सर पत्नी से मारपीट व दुर्व्यवहार करता था।