छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में युवक ने कोरबा की युवती से मैट्रिमोनियल साइट पर पहले दोस्ती की, फिर प्यार और शादी करने का झांसा देकर बिलासपुर में दुष्कर्म किया। सरकारी नौकरी लगाने के नाम पर उससे 3 लाख 5 हजार और गहने समेत 8 लाख की ठगी कर ली। पुलिस ने केस कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। घटना तोरवा थाना क्षेत्र की है।
टीआई अभय बैस ने बताया कि, सोमवार को कोरबा की रहने वाली 22 साल की युवती थाने पहुंची। उसने अपनी शिकायत में बताया कि साल 2023 में मैट्रिमोनियल साइट के माध्यम से पवन यादव नाम के युवक से जान-पहचान हुई। युवती शादी करने की तैयारी में थी। जिसके लिए उसने मैट्रिमोनियल साइट पर प्रोफाइल बनाया था।
पहले दोस्ती, फिर शादी करने का झांसा
इस दौरान दोनों एक-दूसरे से बात करने लगे। युवक ने पहले उससे दोस्ती की, फिर प्यार करने का वादा किया। दोनों शादी करने को लेकर सहमत हो गए। 2024 में दोनों की मुलाकात बिलासपुर में हुई, जहां उसके साथ शादी करने का झांसा देकर दुष्कर्म किया। जिसके बाद दोनों लगातार मिलते रहे। युवक उसके साथ शारीरिक संबंध भी बनाते रहा।
सरकारी नौकरी लगाने के नाम पर वसूले कैश-गहने
युवती ने पुलिस को बताया कि, युवक ने उसे सरकारी नौकरी दिलाने की बात कही, जिसके लिए उससे 3 लाख 50 हजार रुपए ले लिए। दोनों शादी करने वाले थे, इसलिए युवती उसके भरोसे में आ गई। कैश देने के बाद पवन यादव ने और पैसों की जरूरत बताते हुए करीब 5 लाख रुपए कीमत के सोने की हार, चूड़ी, चेन आदि जेवर भी ले लिए। कुछ समय बाद जब महिला ने शादी की बात कही तो उसने टालमटोल करना शरू कर दिया।
होटल में मुलाकात, अब फोन रिसीव नहीं करता प्रेमी
पवन यादव अपनी प्रेमिका से मिलने कोरबा जाने के बजाए हमेशा बिलासपुर बुलाता था, जहां तोरवा क्षेत्र के एक होटल में दोनों रुकते थे। इस दौरान युवक उसके साथ शारीरिक संबंध बनाते रहा। होटल में ही उससे कैश और गहने लेकर ठगी भी कर ली।
युवती ने जब शादी करने के लिए दबाव बनाना शुरू किया, तब युवक ने उसका फोन रिसीव करना ही बंद कर दिया। जिससे परेशान होकर युवती ने मामले की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने दुष्कर्म और ठगी का केस दर्ज कर आरोपी युवक की तलाश शुरू कर दी है।