कोंडागांव जिले के ग्रामीण इलाकों में लंबे समय से जारी लो वोल्टेज और बिजली कटौती से परेशान किसानों ने बिजली ऑफिस का घेराव कर प्रदर्शन किया। किसानों का कहना है कि बिजली की समस्या के कारण उनकी फसलें बर्बादी की कगार पर पहुंच गई हैं।
बताया जा रहा है कि करीब 25 पंचायतों के किसान लो वोल्टेज की समस्या से जूझ रहे हैं। इन क्षेत्रों में अधिकांश खेती बोरवेल और पंप के सहारे होती है, लेकिन कम वोल्टेज के कारण पंप नहीं चल पा रहे हैं। इससे खेतों में खड़ी फसलें सूखने लगी हैं, जिससे किसानों को भारी नुकसान की आशंका है।
किसानों का आरोप है कि उन्होंने लगभग एक सप्ताह पहले भी इस समस्या को लेकर बिजली विभाग को अवगत कराया था, लेकिन कोई ठोस समाधान नहीं निकला। समस्या से परेशान होकर करीब 10 पंचायतों के सैकड़ों ग्रामीण और किसान बिजली कार्यालय पहुंचे और मुख्य गेट का घेराव कर नारेबाजी की।
एसडीएम ने पर्याप्त बिजली देने का दिया आश्वाशन
प्रदर्शन की सूचना मिलने पर एसडीएम अजय उरांव मौके पर पहुंचे और किसानों को समझाने का प्रयास किया। उन्होंने किसानों की समस्या को जायज बताते हुए कहा कि ग्रामीणों की शिकायत को गंभीरता से लिया गया है।
एसडीएम ने बताया कि इस संबंध में बिजली विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर समाधान निकालने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने आश्वस्त किया कि फिलहाल बिजली कटौती को व्यवस्थित करते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में पर्याप्त बिजली पहुंचाने की व्यवस्था की जाएगी, ताकि किसानों को सिंचाई के लिए बिजली मिल सके और उनकी फसलें सुरक्षित रह सकें।