जांजगीर-चांपा जिले के ग्राम लच्छनपुर में पंचायत बैठक के दौरान सरपंच गेंदराम कुर्रे को जान से मारने की धमकी देने के आरोप में उप सरपंच रामगोपाल साहू को गिरफ्तार किया गया

Chhattisgarh Crimesजांजगीर-चांपा जिले के ग्राम लच्छनपुर में पंचायत बैठक के दौरान सरपंच गेंदराम कुर्रे को जान से मारने की धमकी देने के आरोप में उप सरपंच रामगोपाल साहू को गिरफ्तार किया गया है। आजाक थाना जांजगीर में मामला दर्ज होने के बाद सोमवार को आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

सरपंच गेंदराम कुर्रे ने आजाक थाना जांजगीर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के अनुसार, 24 फरवरी को पंचायत भवन में एक बैठक आयोजित की गई थी। इस बैठक में उप सरपंच रामगोपाल साहू, पंच सदस्य और ग्रामीण उपस्थित थे। बैठक में गांव के विकास कार्यों पर चर्चा चल रही थी।

इसी दौरान उप सरपंच रामगोपाल साहू ने बिना किसी कारण विवाद शुरू कर दिया। उपस्थित लोगों ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन उन्होंने अश्लील गालियां दीं और धमकी देते हुए कहा कि वह पंचायत के नाम पर अवैध वसूली करेगा और अगर किसी में दम है तो उसे रोक ले।

जब सरपंच गेंदराम कुर्रे ने उन्हें गाली-गलौज करने से रोका, तो उप सरपंच ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए आजाक थाना जांजगीर में अपराध दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू की गई।

पुलिस रिमांड पर भेजा गया उप सरपंच

डीएसपी शतरूपा तारम के निर्देश पर आजाक थाना पुलिस ने आरोपी उप सरपंच रामगोपाल साहू को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। इसके बाद सोमवार को रामगोपाल साहू को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।