छत्तीसगढ़ में बस्तर के संभागीय मुख्यालय जगदलपुर में आज 108 नक्सलियों ने सरेंडर किया

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ में बस्तर के संभागीय मुख्यालय जगदलपुर में आज 108 नक्सलियों ने सरेंडर किया। पुलिस अधिकारियों ने इनके सरेंडर में रेड कार्पेट बिछाया था। इन सरेंडर नक्सलियों पर 3.95 करोड़ रुपए का इनाम भी घोषित है।

नक्सली अपने साथ जंगल से 1.64 करोड़ का 1 किलो सोना, 3 करोड़ 61 लाख कैश और 101 हथियार साथ लेकर आए थे, जो पुलिस को सौंप दिया है। लेवी वसूली के दौरान नक्सलियों ने यह पैसा इकट्ठा किया था।

वहीं, इस सरेंडर के बीच कांकेर जिले के कोयलीबेड़ा इलाके में एनकाउंटर की खबर सामने आई है। जहां सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच फायरिंग जारी है। अब तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। एसपी निखिल राखेचा ने इसकी पुष्टि की है।

सरेंडर के बाद नक्सलियों से होगी पूछताछ

जानकारी के मुताबिक, सरेंडर से पहले इन नक्सलियों ने सीधे बस्तर पुलिस से संपर्क किया था और अपने पास कैश और गोल्ड होने की जानकारी भी दी थी। इस ऑफिशियली सरेंडर के बाद नक्सलियों से पूछताछ की जाएगी कि गोल्ड कहा से आया। कौन उन्हें पैसे देता था।

101 हथियार साथ लाए नक्सली

नक्सलियों के पास 7 AK-47, 10 इंसास राइफल, 5 एसएलआर राइफल, 4 एमजी राइफल, 20 नग 303 राइफल, 11 बीजीएम लॉन्चर बरामद हुए हैं।

इन्हें सरकार की नीतियों का पूरा लाभ दिया जाएगा। पुलिस ने अपील की है कि, जो भी नक्सली बचे हैं, वो भी समय रहते सरेंडर कर दें।

सरेंडर कार्यक्रम में बस्तर संभाग के 7 जिलों के एसपी और डीजीपी मौजूद रहे। ये सभी नक्सली दंडकारण्य इलाके में सक्रिय थे।

मार्च 2027 तक बस्तर से केंद्रीय बलों की होगी वापसी

गृह मंत्री विजय शर्मा ने विधानसभा में मंगलवार (10 मार्च) को कहा था कि, बस्तर क्षेत्र में तैनात अधिकांश केंद्रीय बलों को 31 मार्च 2027 तक वापस बुला लिया जाएगा। राज्य में सशस्त्र नक्सलवाद को खत्म करने के लिए 31 मार्च 2026 की समयसीमा तय की गई है।

विजय शर्मा ने सदन में कहा कि, जब 31 मार्च 2026 को सशस्त्र नक्सलवाद के समापन की तिथि तय की गई, उसी समय यह भी निर्णय लिया गया था कि, 31 मार्च 2027 तक बस्तर में तैनात केंद्रीय बलों की वापसी की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।

उन्होंने कहा कि कुछ केंद्रीय बल इससे पहले भी वापस जा सकते हैं। बैठकों में यह सहमति बनी है कि 31 मार्च 2027 को एक तय समय सीमा मानकर चलें, हालांकि इसमें थोड़ा आगे-पीछे भी हो सकता है।