छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर फेरबदल करते हुए दो अधिकारियों के प्रभार में बदलाव किया

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर फेरबदल करते हुए दो अधिकारियों के प्रभार में बदलाव किया है। यह फैसला सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी अलग-अलग आदेशों में लिया गया है।

जारी आदेश के मुताबिक आईएएस अधिकारी चंदन कुमार को राजधानी क्षेत्र विकास प्राधिकरण का अतिरिक्त सीईओ नियुक्त किया है, जबकि तीर्थराज अग्रवाल से धर्मस्व विभाग का अतिरिक्त प्रभार वापस ले लिया गया है।

आईएएस चंदन कुमार को अतिरिक्त जिम्मेदारी

वर्ष 2011 बैच के आईएएस अधिकारी चंदन कुमार को एक अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। अब उन्हें राजधानी क्षेत्र विकास प्राधिकरण (CRDA) का अतिरिक्त मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) बनाया गया है।

चंदन कुमार फिलहाल वित्त विभाग में विशेष सचिव के पद पर कार्यरत हैं। इसके साथ ही वे बजट संबंधी काम देख रहे हैं और नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी भी हैं।

तीर्थराज अग्रवाल से अतिरिक्त प्रभार वापस

वहीं, राज्य शासन ने आईएएस तीर्थराज अग्रवाल से एक अतिरिक्त जिम्मेदारी वापस ले ली है। वे फिलहाल योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग में उप सचिव के पद पर हैं। उन्हें धर्मस्व एवं धार्मिक न्यास विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया था, जो अब वापस ले लिया गया है। अब वे सिर्फ योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग में उप सचिव के रूप में ही कार्य करेंगे।