छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एक टीचर दही मांगने के बहाने किसान के घर में घुस गया। इस दौरान उसने नाबालिग छात्रा को कमरे में ले जाकर छेड़खानी की। उसकी हरकतों को देखकर छात्रा की छोटी बहन ने हिम्मत दिखाते हुए शोर मचाया। लोगों की भीड़ जुटती इससे पहले ही शिक्षक मौका पाकर भाग निकला। इस मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी टीचर को गिरफ्तार कर लिया है। घटना पचपेड़ी थाना क्षेत्र की है।
जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ ग्राम सिर्री निवासी शिक्षक रोहित पटेल (50) सरकारी स्कूल में शिक्षक है। उसकी पोस्टिंग बिलासपुर जिले के पचपेड़ी में है। वह रोजाना अपने गांव से स्कूल आना-जाना करता है। सोमवार को वह पचपेड़ी क्षेत्र में रहने वाली दसवीं की छात्रा के घर पहुंचा। इस दौरान दही मांगने का बहाना बनाकर अंदर चला गया। घर पर उस समय किसान की दो बेटियां अकेली थीं।
छात्रा को कमरे में ले जाकर की गंदी हरकत छात्रा को अकेली देखकर शिक्षक की बुरी नियत उस पर पड़ी। उसने चालाकी दिखाते हुए बड़ी बहन को बुलाकर घर के एक कमरे में ले गया। कमरे में पहुंचते ही उसने छात्रा के साथ छेड़खानी शुरू कर दी। छात्रा ने जब विरोध किया, तो उसने उसका मुंह दबा दिया।
छोटी बहन ने दिखाई हिम्मत, शोर मचाने पर भागा शिक्षक इसी बीच बड़ी बहन की आवाज सुनकर पास ही मौजूद छोटी बहन कमरे तक पहुंच गई। उसने शिक्षक द्वारा जबरदस्ती करते देख शोर मचाना शुरू कर दिया। लोगों की भीड़ जुटती इससे पहले ही आरोपी शिक्षक घर से निकल कर भाग निकला। घटना के बाद छात्राओं के परिजनों ने थाने पहुंच कर शिक्षक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी टीचर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।