गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में 11 साल की नाबालिग बच्ची के साथ उसके बुजुर्ग मकान मालिक ने छेड़छाड़ (बैड टच) करने की घटना प्रकाश में आई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। यह मामला गौरेला थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता का परिवार आरोपी के मकान में किराए पर रहता है। आरोप है कि बुजुर्ग मकान मालिक ने बच्ची को अकेला पाकर उसके साथ ‘बैड टच’ (अश्लील हरकतें) और छेड़छाड़ की। डरी-सहमी नाबालिग ने आपबीती अपने परिजनों को सुनाई, जिसके बाद पीड़िता और उसके परिजनों ने तत्काल गौरेला थाने पहुंचकर मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए आरोपी बुजुर्ग के खिलाफ संबंधित धाराओं और पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) के तहत मामला दर्ज किया। पुलिस की एक टीम ने दबिश देकर आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
गौरेला एएसपी अविनाश मिश्रा का कहना है कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। नाबालिग का मेडिकल चेकअप कराने के साथ ही पीड़िता का बयान दर्ज कर लिया गया है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या आरोपी ने पहले भी ऐसी कोई हरकत की थी।