छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में शराब के लिए रुपए नहीं देने पर 5 लोगों ने मिलकर दो दोस्तों की पिटाई कर दी

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के रायगढ़ में शराब के लिए रुपए नहीं देने पर 5 लोगों ने मिलकर दो दोस्तों की पिटाई कर दी। एक युवक पर ईंट व चाकू से वार कर दिया। इससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना को अंजाम देकर आरोपी फरार हो गए थे। जहां हत्या के प्रयास मामले में पुलिस ने 3 नाबालिग समेत 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

मिली जानकारी के मुताबिक बोइरदादर निवासी जीशान राजा 18 साल अपने दोस्त रोशन सिंह के साथ अपनी बाईक से कोतरा रोड की ओर गया था।

तभी दीपक किराना दुकान के पास रोशन सिंह मोबाइल पर बात करने के लिए रुके हुए थे। इस दौरान दो नाबालिग वहां पहुंचे और यहां क्या कर रहे हो कहते हुए उनके साथ गाली-गलौज कर मोटरसाइकिल की चाबी निकाल ली।

इसी दौरान एक्टीवा में अभिषेक ठाकुर वहां पहुंचा और शराब पीने के लिए उनसे रुपए मांगने लगा। मना करने पर उसने ईंट उठाकर रोशन सिंह पर हमला कर दिया और उसके अन्य साथी भी वहां पहुंचकर दोनों दोस्तों के साथ मारपीट करने लगे।

हमले में रोशन सिंह को सिर के पीछे, सीने और पेट में धारदार वस्तु से गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद जीशान राजा ने रोशन को मेडिकल कॉलेज ले जाकर प्राथमिक उपचार कराया गया।

जिसके बाद उसे मेट्रो अस्पताल रायगढ़ में भर्ती कराया गया। इसके बाद मामले की सूचना कोतवाली थाना में दी गई।

जहां पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 296, 351(3), 115(2), 324(4), 119(1), 3(5) BNS के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया।

फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया जांच के दौरान आरोपियों की लगातार तलाश की जा रही थी, लेकिन गिरफ्तारी के भय से सभी फरार थे। जहां बुधवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने अभिषेक ठाकुर, सत्यम महंत और तीन अपचारी बालकों को कोतरा रोड क्षेत्र से पकड़ लिया।

नाबालिग के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू भी जब्त किया गया। साक्ष्य के आधार पर मामले में धारा 109 BNS (हत्या के प्रयास) तथा 25, 27 आर्म्स एक्ट की धाराएं भी जोड़ी गईं। इसके बाद गिरफ्तार आरोपियों में अभिषेक ठाकुर 24 साल, सत्यम महंत 21 साल समेत 3 नाबालिग शामिल हैं।

11 अपराधिक मामले पहले से दर्ज जांच में सामने आया है कि आरोपी अभिषेक ठाकुर आदतन बदमाश किस्म का युवक है। जिसके खिलाफ कोतवाली थाना में लूट, बलवा, आर्म्स एक्ट और मारपीट के 11 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

इसके अतिरिक्त कोतवाली पुलिस द्वारा उसके खिलाफ चार बार प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की जा चुकी है तथा उसका नाम गुंडा बदमाश सूची में शामिल करने की प्रक्रिया की जा रही है।

गुंडा-बदमाशों को बख्शा नहीं जाएगा एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि जिले में गंभीर अपराध करने वाले आरोपियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।

हत्या के प्रयास जैसे संगीन मामलों में शामिल अपराधियों की पहचान कर उन्हें शीघ्र गिरफ्तार किया जा रहा है। आदतन बदमाशों और गुंडा तत्वों पर पुलिस की कड़ी निगरानी है और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।