छत्तीसगढ़ के रायगढ़ नगर निगम क्षेत्र में किराया और अन्य कर बकाया रखने वाले दुकानदारों के खिलाफ अब निगम ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के रायगढ़ नगर निगम क्षेत्र में किराया और अन्य कर बकाया रखने वाले दुकानदारों के खिलाफ अब निगम ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। कबीर चौक स्थित एक दुकान को निगम की टीम ने सील कर दिया है।

जानकारी के अनुसार दुकान संचालक छोटू बेग पर करीब 87 हजार रुपए से अधिक का दुकान किराया बकाया था। नगर निगम की ओर से कई बार नोटिस जारी कर बकाया राशि जमा करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन दुकानदार ने इसे गंभीरता से नहीं लिया।

इसके बाद नगर निगम के राजस्व अमले ने बकाया वसूली अभियान शुरू किया। टीम मौके पर पहुंची और कबीर चौक स्थित दुकान को सील करने की कार्रवाई की।

नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि शहर में अन्य बड़े बकायादार दुकानदारों और संपत्ति धारकों की भी सूची तैयार की जा रही है। बकाया कर जमा नहीं करने वालों के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई की जाएगी।

छुट्टी के दिन भी जमा होगा टैक्स

राजस्व वसूली बढ़ाने के लिए नगर निगम का राजस्व विभाग अब छुट्टी के दिन भी खुला रहेगा। बकायादार सप्ताह के सातों दिन कार्यालय समय में आकर संपत्ति कर, समेकित कर, जलकर, यूजर चार्ज, दुकान किराया समेत सभी प्रकार के कर जमा कर सकेंगे।

महापौर ने भी करदाताओं से अपील की है कि नगर निगम की ओर से शहर के विकास के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। ऐसे में सभी नागरिक अपने बकाया कर समय पर जमा करें, ताकि विकास कार्यों को गति मिल सके।

लगातार होगी कार्रवाई

नगर निगम कमिश्नर बृजेश सिंह क्षत्रिय ने कहा कि शहर के विकास कार्यों के लिए निगम को राजस्व की आवश्यकता होती है। इसलिए सभी बकायादार समय पर अपने करों का भुगतान करें।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इसके बाद भी बकाया राशि जमा नहीं की जाती है तो निगम द्वारा सीलिंग समेत नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल कबीर चौक स्थित एक दुकान को सील किया गया है।

Exit mobile version