गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में एक ग्रामीण से 10 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपियों ने ग्रामीण को सस्ते दाम पर सोने के बिस्किट दिलाने का झांसा दिया था। पीड़ित उमेंद साहू की शिकायत पर पुलिस ने 4 आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायत के अनुसार, ग्राम तिलकपुर निवासी उमेंद साहू को उसके परिचित नरेंद्र साहू और उसकी पत्नी सरोज साहू ने झांसा दिया। उन्होंने दावा किया कि उन्हें खुदाई के दौरान सोने के बिस्किट मिले हैं। आरोपियों ने उमेंद साहू को विश्वास दिलाने के लिए सोने का एक छोटा टुकड़ा जांच के लिए दिया, जो असली पाया गया। इसके बाद 15 लाख रुपये में 1 किलो सोना देने का सौदा तय हुआ।
5 दिसंबर 2025 को उमेंद साहू अपने भाई के साथ 10 लाख रुपये नकद लेकर कारीआम नाला के पास पहुंचे। वहां नरेंद्र साहू, सरोज साहू और मनोज साकत मौजूद थे। आरोपियों ने उमेंद को बताया कि उन्होंने अपने हिस्से के 5 लाख रुपये दे दिए हैं और उससे 10 लाख रुपये ले लिए। इसके बदले में उमेंद साहू को 1 किलो वजन के 5 सोने के बिस्किट दिए गए।
आरोपी ने झूठे मामले में फ़साने की धमकी दी थी
अगले दिन उमेंद साहू ने मुंगेली में एक सुनार से उन बिस्किटों की जांच करवाई, तो पता चला कि वे सभी नकली थे। ठगी का एहसास होने पर जब उन्होंने अपने पैसे वापस मांगे, तो आरोपियों ने टाल-मटोल करना शुरू कर दिया।
शिकायत में यह भी बताया गया है कि आरोपियों ने उमेंद साहू को झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी थी, जिसके कारण वह कुछ समय तक चुप रहे। बाद में परिजनों की सलाह पर उन्होंने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।
फरार आरोपी की तलाश में पुलिस
पुलिस ने उमेंद साहू की शिकायत पर कुल 4 आरोपियों के खिलाफ बीएनएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। इनमें मुंगेली जिले के तीन आरोपी और गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के कारीआम गांव निवासी मनोज साकत शामिल हैं। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश कर रही है और मामले की विस्तृत विवेचना जारी है।