कोरबा के उरगा थाना क्षेत्र में मड़वारानी के पास चांपा मुख्य मार्ग पर दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर में एक युवक की मौके पर ही मौत

Chhattisgarh Crimesकोरबा के उरगा थाना क्षेत्र में मड़वारानी के पास चांपा मुख्य मार्ग पर दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में तीन अन्य लोग घायल हो गए, जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों को जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

यह घटना गुरुवार देर रात हुई। जानकारी के अनुसार, एक बाइक पर तीन लोग चांपा से कोरबा की ओर आ रहे थे, जबकि दूसरी बाइक पर सवार एक युवक कोरबा से चांपा की तरफ जा रहा था। बताया जा रहा है कि एक बाइक चालक गलत दिशा में था, जिसके कारण यह टक्कर हुई।

ग्रामीण बीच से हाइवे पार कर रहे,बन रही हादसों की वजह

मृतक की पहचान जांजगीर-चांपा जिले के कमरीद सरगांव निवासी 18 वर्षीय निखलेश कंवर के रूप में हुई है। हादसे में उसके सिर पर गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई। परिजनों को सूचना दे दी गई है, जो देर रात कोरबा पहुंचे और घटना की जानकारी ली। बाइक पर सवार तीन अन्य लोगों को भी गंभीर चोटें आई हैं और उनका इलाज जारी है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, कोरबा-चांपा मुख्य मार्ग पर कई स्थानों पर ग्रामीण नेशनल हाईवे को बीच से पार करते हैं, जिससे अक्सर दुर्घटनाएं होती हैं। जिला अस्पताल चौकी पुलिस ने मेमो के आधार पर मृतक के परिजनों के बयान दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।