छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में युवक की खून से लथपथ लाश मिली है। उसके सिर और पिछले हिस्से में धारदार हथियार से हमला कर हत्या करने की आशंका है। युवक पेंटिंग का काम करता था। शनिवार सुबह से वो काम पर जाने के बजाए दोस्तों के साथ शराब पीकर घूम रहा था। दोपहर में उसकी लाश खेत में मिली है। पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच कर रही है। घटना सकरी थाना क्षेत्र की है।
जानकारी के अनुसार, सतीश कौशिक (27) ग्राम संबलपुरी का रहने वाला है। वो पेंटिंग का काम करता था। रोज काम करने बिलासपुर जाता था। लेकिन, शनिवार की सुबह वो काम पर नहीं गया। इस दौरान वो दोस्तों के साथ शराब पीकर नशे में घूम रहा था।
बताया जा रहा है कि दोपहर करीब 12 बजे तक वो अपने दोस्त के साथ था। जिसके बाद उसका कुछ पता नहीं चला। फिर बाद में बायपास रोड पर एक खेत में उसकी खून से लथपथ लाश मिली। इस घटना की जानकारी लोगों ने उसके परिजन और पुलिस को दी। खबर मिलते ही लोगों की भीड़ के साथ पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई।
सिर सहित चेहरे पर है गंभीर चोंट के निशान
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सतीश की खून से लथपथ लाश अर्धनग्न हालत में मिली है। उसके सिर और चेहरे में धारदार हथियार से गंभीर चोंट के निशान मिले हैं। आशंका जताई जा रही है कि युवक पर हमला कर उसकी हत्या की गई है।
पुलिस की टीम ने जांच के लिए सर्च डॉग को मौके पर बुलाया है। वहीं, उसके साथ शराब पीकर घूमने वाले युवकों को पकड़कर पूछताछ की जा रही है। फिलहाल, हत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है और न ही हत्यारों की पहचान की जा सकी है। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है और हत्यारे को जल्द पकड़ने का दावा कर रही है।