अंबिकापुर के रामानुजगंज रोड पर स्थित केन गुप्ता एजेंसी में शनिवार दोपहर भीषण आग लग गई। इस आगजनी में दुकान के अंदर रखे ई-रिक्शा की बैटरी, इलेक्ट्रॉनिक सामान, पार्ट्स, डीजे साउंड सिस्टम और एम्पलीफायर जल गए हैं। आग में लाखों का नुकसान होने का अनुमान है।
आशंका है कि शार्ट सर्किट या चार्जिंग के दौरान बैटरी फटने से आग लगी है। फायर ब्रिगेड की टीम आग पर काबू पाने की कोशिश में जुटी है।
अब जापिए पूरा मामला
जानकारी के मुताबिक, अंबिकापुर में नेशनल हाईवे 343 के किनारे रामानुजगंज रोड पर संचालित मयूरी ई-रिक्शा की एजेंसी है। केन गुप्ता एजेंसी में बड़ी संख्या में डीजे साउंड सिस्टम और बड़ी संख्या में एम्लीफायर भी रखे हुए थे। शनिवार दोपहर करीब 3 बजे दुकान में अचानक आग लग गई।फायर ब्रिगेड की 3 टीमें आग बुझाने में जुटी आग कुछ ही देर में दुकान में फैल गई और दुकान में बड़ी संख्या में रखे गए साउंड बॉक्स और एम्पलीफायर आग की चपेट में आ गए। आगजनी की सूचना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम को दी गई। सूचना पर फायर ब्रिगेड की तीन टीमें मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू की।
आग में ई-रिक्शा के पार्ट्स और साउंड सिस्टम जले
आगजनी में दुकान में रखे एम्पलीफायर, साउंड सिस्टम और ई-रिक्शा के पार्ट्स को सबसे अधिक नुकसान हुआ है। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर कुछ हद तक काबू पा लिया गया है। अंदर लगे आग को बुझाने की कोशिश जारी है।
आगजनी के कारण भीड़ और फायर ब्रिगेड की गाड़ियों के कारण सड़क पर दोनों ओर जाम लग गया। मौके पर एडिशनल एसपी अमोलक सिंह सहित पुलिस अधिकारी भी पहुंच गए। पुलिस ने ऐहतियातन बड़ी वाहनों के लिए रूट को कुछ देर के लिए डायवर्ट कर दिया है।
लाखों की नुकसान की आशंका
केन गुप्ता एजेंसी द्वारा मयूरी ई-रिक्शा का निर्माण और बिक्री की जाती है। इसके अलावे वर्षों से वे साउंड सिस्टम का कारोबार करते हैं। एजेंसी के संचालकों के अनुसार आगजनी में लाखों के नुकसान का अनुमान है।
आगजनी के कारणों का पता नहीं चल सका है। यहां कुछ ई-रिक्शा की बैटरी भी चार्ज में लगी थी। आशंका है कि शार्ट सर्किट या ई-रिक्शा की बैटरी फटने से आग फैली है। फायर ब्रिगेड की टीमें शटर को जेसीबी से हटाकर आग पर काबू पाने की कोशिश कर रही है।