अंबिकापुर के बांसबाड़ी रोड में पुलिस ने एक स्कार्पियो वाहन से 14 किलो गांजा जब्त किया

Chhattisgarh Crimesअंबिकापुर के बांसबाड़ी रोड में पुलिस ने एक स्कार्पियो वाहन से 14 किलो गांजा जब्त किया है। स्कार्पियो में सवार एक नाबालिग को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस टीम को आता देखकर स्कार्पियो सवार चार युवक बांसबाड़ी जंगल के रास्ते भाग निकले। पुलिस ने स्कार्पियो वाहन को जब्त कर लिया है। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक स्कार्पियो में सवार कुछ लोग गांज बेचने के लिए बांस बाड़ी रोड में पहुंचे हैं। कोतवाली पुलिस की टीम बांसबाड़ी रोड में पहुंची तो पुलिस को स्कार्पियो वाहन क्रमांक सीजी 30 एफ 8689 खड़ी दिखी। पुलिस टीम को देखकर स्कार्पियो में सवार चार युवक बांसबाड़ी में घुसे और भाग निकले। पुलिस ने उन्हें दौड़ाया, लेकिन वे भागने में सफल रहे।

स्कार्पियो में मिला गांजा, वाहन जब्त पुलिस ने स्कार्पियो वाहन की तलाशी ली तो स्कार्पियो में एक प्लास्टिक बोरे में 14 किलो गांजे के पैकेट मिले। पुलिस ने स्कार्पियो सवार एक नाबालिग को हिरासत में लिया। पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है।

नाबालिग ने पुलिस पूछताछ में बताया कि आरोपी युवक लैलूंगा, रायगढ़ से गांजा लेकर यहां आए थे और गांजे की पुड़िया बनाकर उसे बेचा जाना था। पुलिस ने स्कार्पियो वाहन को जब्त कर लिया है। जब्त गांजे की कीमत दो लाख 80 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस ने मामले में आरोपियों के खिलाफ 20 बी नारकोटिक्स एक्ट का अपराध दर्ज किया है। नाबालिग को किशोर न्याय बोर्ड में पेश किया गया, जहां से उसे बाल संरक्षण गृह भेज दिया गया है। कोतवाली थाना प्रभारी शशिकांत सिंह ने बताया कि पुलिस द्वारा फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। नाबालिग आरोपी से उनके बारे में पूरी जानकारी मिल गई है। जल्द आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।