बलरामपुर बलरामपुर वनमंडल के अंतर्गत वन परिक्षेत्र बलरामपुर में वन क्षेत्र में आग लगाने के आरोप में एक व्यक्ति को मौके से गिरफ्तार किया गया

बलरामपुर बलरामपुर वनमंडल के अंतर्गत वन परिक्षेत्र बलरामपुर में वन क्षेत्र में आग लगाने के आरोप में एक व्यक्ति को मौके से गिरफ्तार किया गया है। वन विभाग की टीम ने आरोपी को रंगे हाथ पकड़ा।

यह घटना बलरामपुर वन परिक्षेत्र के सर्किल बादर, बीट पीपराही के वन कक्ष क्रमांक पी-3335, वनखण्ड रामचौरा के काठोपानी नामक स्थान पर हुई। आरोपी की पहचान ग्राम बरदर निवासी संतोष पिता भागीरथी के रूप में हुई है, जिसे वन क्षेत्र में आग लगाते हुए पकड़ा गया।

जंगल में आगजनी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं

वनमण्डलाधिकारी आलोक कुमार बाजपेयी के निर्देशन और उपवनमण्डलाधिकारी अनिल कुमार सिंह पैकरा के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। आरोपी संतोष के विरुद्ध भारतीय वन अधिनियम 1927 की धारा 33(1)(घ) और वन्यप्राणी संरक्षण अधिनियम 1972 की धारा 9 के तहत वन अपराध दर्ज किया गया है। गिरफ्तारी के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

जप्ती और कार्रवाई के दौरान वन परिक्षेत्राधिकारी निखिल सक्सेना के नेतृत्व में वन विभाग की टीम मौजूद रही। इस टीम में वनपाल प्रहलाद तिवारी, घासी राम तथा वनरक्षक देवीलाल, राजेश राम, संजीव सिंह और अजीत कुजूर शामिल थे, जिन्होंने कार्रवाई की।

वन परिक्षेत्राधिकारी निखिल सक्सेना ने बताया कि वन क्षेत्र में आगजनी जैसी घटनाओं को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि जंगल और वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए विभाग पूरी तरह सतर्क है और भविष्य में भी इस प्रकार की सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।