मुंगेली पुलिस ने नाबालिग बालिका से दुष्कर्म के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी अरविंद सोनवानी (20) को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराज पटेल के निर्देश पर की गई।
प्रार्थी ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह अपनी पत्नी और छोटे बच्चे के साथ गुजरात में रोजगार के लिए गया हुआ था। उसकी 12 वर्षीय नाबालिग बेटी गांव में घर पर अकेली रहकर कक्षा 7वीं की पढ़ाई कर रही थी। 9 मार्च 2026 को बालिका ने अपने पिता को फोन कर बताया कि उसकी तबीयत ठीक नहीं है और उसे अच्छा नहीं लग रहा है।
पीड़िता ने पिता को बताई आपबीती
सूचना मिलने पर प्रार्थी 12 मार्च 2026 को गुजरात से वापस लौटा। पीड़िता ने बताया कि 28 फरवरी 2026 की रात लगभग 10-11 बजे जब वह बाथरूम से अपने कमरे में वापस आई, तो पड़ोसी अरविंद सोनवानी पहले से ही कमरे में मौजूद था। आरोपी ने उसके हाथ और मुंह को कपड़े से बांधकर जबरन दुष्कर्म किया और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी देकर चला गया।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाने में पॉक्सो एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया। प्रकरण नाबालिग से संबंधित होने और मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराज पटेल ने त्वरित कार्रवाई और आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
पुलिस विवेचना के दौरान पीड़िता का डॉक्टरी परीक्षण कराया गया और बयान दर्ज किए गए। अन्य साक्ष्य एकत्रित करने के बाद मुखबिर और तकनीकी सहायता से आरोपी अरविंद सोनवानी को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने घटना को अंजाम देना स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे 13 मार्च 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।