
इसी क्रम में थाना पिपरिया पुलिस द्वारा तुरंत कार्रवाई करते हुए अवैध गांजा परिवहन कर बिक्री करने की फिराक में घूम रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, 13 मार्च को थाना पिपरिया पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम दशरंगपुर निवासी एक व्यक्ति अपने पास काले रंग के बैग में मादक पदार्थ गांजा लेकर ग्राहक की तलाश में दुधिया रोड की ओर से पैदल आ रहा है।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना पिपरिया पुलिस द्वारा रोजनामचा में सूचना दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्यवाही पूर्ण करते हुए गवाहों एवं पुलिस स्टाफ के साथ मौके पर रवाना होकर दुधिया रोड के पास घेराबंदी की गई।
कुछ समय बाद मुखबिर के बताए हुलिये का एक व्यक्ति अपने पीठ पर काले रंग का बैग लटकाए हुए आता दिखाई दिया, जिसे रोककर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने अपना नाम अजय गणवीर, निवासी दशरंगपुर बताया।
संदेही को उसके संवैधानिक अधिकारों से अवगत कराते हुए एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के अनुसार वैधानिक कार्यवाही की गई तथा गवाहों की उपस्थिति में उसके कब्जे में रखे बैग की तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान बैग के अंदर रखे दो पॉलिथीन में मादक पदार्थ गांजा बरामद हुआ। मौके पर तौल कराने पर उक्त मादक पदार्थ का कुल वजन 2.821 किलोग्राम पाया गया। बरामद गांजा की अनुमानित कीमत लगभग 1,05,350 रुपये की गई।
इसके अलावा आरोपी के कब्जे से नगदी रकम 67,150 रुपये व एक नग एंड्रॉयड मोबाइल फोन कीमत लगभग 15,000 रुपये भी जप्त किया गया। इस प्रकार कुल जुमला कीमती 1,87,500 रुपये का सामान विधिवत जप्त किया गया।
उक्त कार्रवाई के आधार पर आरोपी अजय गणवीर के खिलाफ थाना पिपरिया में अपराध क्रमांक 86/2026 धारा 20(बी)2(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
प्रकरण में आगे की विवेचना जारी है तथा आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेजने की कार्यवाही की जा रही है।
कबीरधाम पुलिस द्वारा आम नागरिकों से अपील की जाती है कि यदि कहीं भी मादक पदार्थों का अवैध कारोबार होता दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।