छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिला अस्पताल के मातृत्व-शिशु विभाग के पीछे नाली में एक नवजात बच्चे का शव मिला। शनिवार को कचरा बीनने वाली एक महिला ने नाली में कुछ बहता हुआ देखा। पास जाकर देखने पर उसे नवजात का शव दिखाई दिया। इसके बाद उसने आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी।
लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही दुर्ग सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नाली से बाहर निकलवाकर अपने कब्जे में लिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मरच्युरी में रखवा दिया गया है।
बनावट के अनुसार 6 माह का लग रहा भ्रूण
स्थानीय लोगों के मुताबिक नवजात भ्रूण करीब 6 महीने का बताया जा रहा है और उसका शरीर काफी हद तक विकसित था। घटना सामने आने के बाद अस्पताल परिसर और आसपास के इलाके में लोगों की भीड़ लग गई।
इस घटना को लेकर लोगों में काफी नाराजगी भी देखी जा रही है। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए मरच्युरी में रखवाया गया है। स्वास्थ्य विभाग की टीम रविवार को पोस्टमार्टम करेगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही बच्चे की मौत की असली वजह स्पष्ट हो पाएगी।
डिलीवरी के बाद फेंकने की आशंका
पुलिस को आशंका है कि किसी ने डिलीवरी के बाद नवजात को नाली में फेंक दिया होगा। क्योंकि जिस जगह पर शव मिला है, वह जिला अस्पताल के मदर एंड चाइल्ड यूनिट के ठीक पीछे का इलाका है।
हालांकि अभी यह साफ नहीं हो पाया है कि बच्चा जिंदा पैदा हुआ था या नहीं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और अस्पताल स्टाफ से भी पूछताछ कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि नवजात का शव नाली में कैसे पहुंचा।