राजधानी रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर सुरक्षा जांच के दौरान फर्जी आधार कार्ड के जरिए हवाई यात्रा करने की कोशिश कर रहे एक युवक को सुरक्षाकर्मियों ने पकड़ लिया

Chhattisgarh Crimesराजधानी रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर सुरक्षा जांच के दौरान फर्जी आधार कार्ड के जरिए हवाई यात्रा करने की कोशिश कर रहे एक युवक को सुरक्षाकर्मियों ने पकड़ लिया।

आरोपी दूसरे व्यक्ति के नाम पर जारी टिकट से रायपुर से इंदौर जाने की कोशिश कर रहा था। जांच में पता चला कि उसने दूसरे के आधार कार्ड में अपनी फोटो लगाकर कूटरचित दस्तावेज तैयार किया था। आरोपी का नाम पुलिस ने कुलदीप सिंघल बताया है।

पुलिस के अनुसार 12 मार्च 2026 को रायपुर एयरपोर्ट पर नियमित सुरक्षा जांच चल रही थी। उसी दौरान एक यात्री रायपुर से इंदौर जाने वाली फ्लाइट में यात्रा के लिए पहुंचा।

यात्री ने स्नेहल राजू भाई पटेल के नाम से जारी एयर टिकट दिया और पहचान के रूप में आधार कार्ड दिखाया। दस्तावेजों की जांच के दौरान सुरक्षा कर्मियों को आधार कार्ड की सत्यता पर संदेह हुआ।जांच में पता चला कि आधार कार्ड फर्जी है।

आधार कार्ड में लगाई अपनी फोटो

जांच में सामने आया कि आरोपी कुलदीप सिंघल ने स्नेहल राजू भाई पटेल के आधार कार्ड में अपनी फोटो लगाकर नकली आधार कार्ड तैयार किया था। उसी फर्जी पहचान पत्र के आधार पर वह स्नेहल राजू भाई पटेल के नाम से जारी टिकट पर रायपुर से इंदौर की यात्रा करने की कोशिश कर रहा था।

इंदौर का रहने वाला है आरोपी

पूछताछ में आरोपी की पहचान कुलदीप सिंघल के रूप में हुई। वह मूल रूप से 109 श्रद्धा श्री कॉलोनी, बरपानी धाम, थाना विजय नगर, जिला इंदौर (मध्यप्रदेश) का रहने वाला है।

उसका वर्तमान पता कृष्णा एवेन्यू फेस-1, लिम्बोदी, खंडवा रोड, थाना तेजाजी नगर, जिला इंदौर बताया गया है।

न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया

एयरपोर्ट सुरक्षा कर्मियों ने आरोपी को हिरासत में लेकर पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेश पर आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

पुलिस मामले की जांच आगे बढ़ा रही है। फर्जी आधार कार्ड बनाने में किसी अन्य व्यक्ति या गिरोह की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

परिचित के आधार कार्ड में लगाई अपनी फोटो

माना सीएसपी लंबोदर पटेल ने बताया कि आरोपी युवक फोटोग्राफर है। वह अपने परिचित के आधार कार्ड में अपनी फोटो लगाकर यात्रा करने की कोशिश कर रहा था। जांच के दौरान सुरक्षाकर्मियों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।