
घटना सरकंडा थाना क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक बुजुर्ग महिला का नाम जया अग्रवाल (57) है, जो लिंगियाडीह स्थित साईं मंदिर के पीछे रहती थीं। फ्रिज में ब्लास्ट होते ही पूरा इलाका दहल उठा। धमाके की आवाज सुनकर लोग अपने-अपने घरों से बाहर निकल आए।
आसपास के लोगों ने घर में लगी आग बुझाने की कोशिश भी की। इसके बाद दमकल टीम मौके पर पहुंची, तब जाकर आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक अंदर मौजूद बुजुर्ग महिला की मौत हो चुकी थी। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मॉर्चुरी में रखवाया गया है।
पढ़िए सिलसिलेवार पूरी घटनाक्रम…
दरअसल जया अग्रवाल अपने मुंहबोले वकील भाई के साथ लिंगियाडीह स्थित सांई मंदिर के पीछे रहती थी, उनका परिवार बेंगलुरु में रहता है। रविवार देर रात अचानक फ्रिज में ब्लास्ट हो गया। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग घबरा गए और घरों से बाहर निकल आए।
लोगों ने देखा कि गली के एक मकान में आग लगी हुई है। स्थानीय लोगों ने पार्षद दिलीप पाटिल की मदद से बाल्टियों में पानी भरकर आग बुझाने की कोशिश शुरू की। साथ ही पुलिस और दमकल टीम को भी घटना की सूचना दी गई।
पुलिस जब मौके पर पहुंची, तब मकान में आग लगी हुई थी। कड़ी मशक्कत के बाद पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों और दमकल की मदद से आग पर काबू पाया। इसके बाद घर के अंदर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान बुजुर्ग महिला बुरी तरह झुलसी हालत में मिली। महिला की मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
पुलिस ने शव को बाहर निकालकर पोस्टमॉर्टम के लिए मॉर्चुरी भेज दिया। पूछताछ में लोगों ने बताया कि अचानक तेज ब्लास्ट की आवाज आई थी। शुरुआत में लोगों को लगा कि गैस सिलेंडर फटने से आग लगी है, लेकिन जांच के दौरान सामने आया कि हादसा फ्रिज ब्लास्ट होने से हुआ।
मुंहबोले भाई के साथ रहती थी महिला
वार्ड पार्षद दिलीप पाटिल ने बताया कि लिंगियाडीह में जया अग्रवाल अपने मुंहबोले वकील भाई के साथ रहती थी। घटना के समय महिला घर में अकेली थी। फ्रिज में ब्लास्ट के बाद आग तेजी से पूरे मकान में फैल गई। आशंका है कि महिला आग की लपटों में घिर गई होगी, इसलिए बाहर निकलने का मौका नहीं मिल पाया।
कुछ दिन पहले ही वकील भाई की हुई थी मौत
जांच में यह भी सामने आया कि महिला के मुंहबोले भाई की कुछ दिन पहले तबीयत बिगड़ गई थी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए सिम्स में भर्ती कराया गया था। बाद में परिजन बेहतर इलाज के लिए उसे बेंगलुरु ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिवार में अभी क्रियाकर्म चल ही रहा था कि इसी बीच यह दर्दनाक हादसा हो गया।
इस मामले में टीआई प्रदीप आर्य ने बताया कि लिंगियाडीह स्थित सांई मंदिर के पीछे एक मकान में ब्लॉस्ट होने की जानकारी मिली थी। पुलिस की टीम मौके पर पहुंची, स्थानीय और दमकल टीम के साथ आग पर काबू पाया। तलाशी के दौरान बुजुर्ग महिला की लाश मिली, जिसे मॉर्चुरी में रखवाया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।