छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के दोनों वन मंडलों में हाथियों का दल विचरण कर रहा है। बीती रात हाथियों ने 7 किसानों की फसल को रौंद दिया। इसमें सब्जी और मूंगफली की फसल के साथ-साथ फेंसिंग पोल भी क्षतिग्रस्त हुए। सूचना मिलने के बाद वन विभाग का अमला नुकसान का आंकलन करने में जुट गया है।
जानकारी के अनुसार, रायगढ़ वन परिक्षेत्र के बंगुरसिया में ओड़िशा की ओर से एक हाथी आया। इसने एक किसान की फसल बर्बाद की और फिर जंगल की ओर लौट गया। ओडिशा से आया दूसरा हाथी जुनवानी गांव तक पहुंचा। इसने 5 किसानों की फसल रौंद दी, जिसमें सब्जी, मूंगफली, गन्ना और केले के पेड़ शामिल हैं।
हाथी ने फेंसिंग पोल और बारबेट झाली को भी नुकसान पहुंचाया। रात में इसकी सूचना मिलने पर ग्रामीण और वनकर्मी इसे जंगल की ओर खदेड़ने का प्रयास किए, लेकिन यह रातभर वहीं डटा रहा और सुबह होने से पहले बंगुरसिया की ओर चला गया।
प्रभावित किसानों में रामप्रसाद डनसेना, दशमी साव, उग्रसेन साव, रूपचंद पटेल और कृष्ण गोपाल माली शामिल हैं।
धरमजयगढ़ वन मंडल में नुकसान
धरमजयगढ़ वन मंडल के क्रोंधा क्षेत्र में भी हाथियों ने एक किसान की फसल को नुकसान पहुंचाया। इस वन मंडल में कुल 45 हाथियों की मौजूदगी है।
अधिकांश हाथी बोरो के खम्हार में 10, लैलूंगा रेंज में 14, बाकारूमा में 7 और अन्य क्षेत्रों में 1-2 हाथियों के समूह में विचरण कर रहे हैं। विभाग उनके व्यवहार और गतिविधियों पर लगातार निगरानी कर रहा है।
जिले में हाथियों की कुल संख्या
विभागीय रिकॉर्ड के अनुसार जिले में कुल 74 हाथियों की मौजूदगी है। रायगढ़ वन मंडल में 29 और धरमजयगढ़ में 45 हाथी विचरण कर रहे हैं। घरघोड़ा रेंज के अलग-अलग जंगलों में 24 हाथी हैं, जबकि अन्य रेंजों में 1-2 हाथी पाए गए हैं। इन दलों में नर, मादा और शावक सभी शामिल हैं।
हाथियों की इस मौजूदगी को देखते हुए वन विभाग के कर्मचारी सतत निगरानी बनाए हुए हैं।