जशपुर जिले में एक नाबालिग लड़की से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोपी अविनाश कुमार साहनी (21) ने सोशल मीडिया के ज़रिये नाबालिग से दोस्ती की और शादी का झांस दे कर बिहार ले गया। जहाँ उस ने उस से संबंध बनाए। मामला नारायणपुर थाना क्षेत्र का है।
पीड़िता के पिता ने 23 जनवरी को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को बिहार से गिरफ्तार कर लिया है। उसके कब्जे से नाबालिग को सुरक्षित ले आई है।
जानिए पूरा मामला
पिता के शिकायत के मुताबिक,उनकी 16 साल की बेटी 20 जनवरी को स्कूल गई थी, लेकिन शाम तक घर नहीं लौटी। परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। उन्हें संदेह था कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसे बहला-फुसलाकर भगा लिया है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस की टेक्निकल टीम, मुखबिरों और परिजनों के सहयोग से पता चला कि नाबालिग लड़की बिहार निवासी अविनाश कुमार साहनी (21) के साथ है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए, डीआईजी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार के मार्गदर्शन में एक विशेष टीम बिहार भेजी गई। जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों एवं मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपी की लोकेशन बिहार राज्य में ट्रेस की गई,और बिहार के सीतामढ़ी में दबिश दे कर नाबालिग की सुरक्षित ले आई है।
पूछताछ में पीड़िता ने बताया कि उसकी पहचान आरोपी से सोशल मीडिया के जरिए हुई थी। आरोपी ने उसे प्रेम और शादी का झांसा देकर 20 जनवरी को अपने साथ भगा लिया और बिहार ले गया।
इस दौरान आरोपी ने उसके साथ शारीरिक शोषण भी किया। पीड़िता के बयान के आधार पर आरोपी के खिलाफ BNS की धारा 87, 61(2), 96 के साथ ही पॉक्सो एक्ट की धारा 5 व 6 जोड़ी गई। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण भी कराया गया है।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।