छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान एक लग्जरी कार से 25 लाख रुपए नकद बरामद किए हैं। यह कार्रवाई पटेवा थाना पुलिस ने नेशनल हाईवे-53 पर ग्राम जोगीडीपा के पास की।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक वाहन में बड़ी मात्रा में नकदी ले जाई जा रही है। इस सूचना के आधार पर, चेकिंग के दौरान पिथौरा की ओर से आ रही काले रंग की मारुति ग्रैंड विटारा (क्रमांक ओडी 15 एए 5080) को रोका गया। वाहन चालक की पहचान मोहित आनंद (26), निवासी बुधाराजा, संबलपुर (ओडिशा) के रूप में हुई।
500-500 के नोटों के 50 बंडल कार से मिले
तलाशी लेने पर कार की बीच वाली सीट पर रखे एक बैग से 500-500 रुपए के नोटों के 50 बंडल, कुल 25 लाख रुपए नकद मिले। पूछताछ में युवक मोहित आनंद ने बताया कि वह रायपुर में फ्लैट खरीदने के लिए यह रकम ले जा रहा था। हालांकि, वह मौके पर नकदी से संबंधित कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका।
पुलिस ने धारा 94 बीएनएस के तहत नोटिस जारी करते हुए 25 लाख रुपए नकद, वाहन और दो मोबाइल फोन सहित कुल 40 लाख 45 हजार 840 रुपए की संपत्ति जब्त कर ली है। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है और नकदी के स्रोत की गहन पड़ताल जारी है।