बस्तर जिले में गर्लफ्रेंड से नाराज एक युवक ने उसके घर के बाहर पहुंचकर जहर खा लिया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों के बीच लंबे समय से संबंध थे, लेकिन हाल ही में बातचीत बंद हो गई थी। मामला परपा थाना क्षेत्र का है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृत युवक हिमांशु मौर्य (23) और युवती के बीच पिछले कई सालों से अफेयर था। दोनों के बीच नियमित बातचीत होती थी, लेकिन कुछ समय पहले युवती ने अचानक युवक से बातचीत कम कर दी और बाद में बातचीत पूरी तरह बंद कर दी। इस बात को लेकर युवक मानसिक रूप से काफी तनाव में था।
घर के सामने पहुंच किया सुसाइड
बताया जा रहा है कि बुधवार को युवक सीधे युवती के घर के सामने पहुंचा। वहां कुछ देर तक रुकने के बाद उसने जहर खा लिया। जहर का असर होते ही युवक मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ा, जिससे आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया।
स्थानीय लोगों की सूचना पर परपा थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और बेहोशी की हालत में युवक को उठाकर नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। जहां उसकी मौत हो गई।
युवक की उम्र करीब 22 से 23 वर्ष बताई जा रही है। वह मूल रूप से तोकापाल का ही रहने वाला था। वर्तमान में जगदलपुर के धरमपुरा इलाके में रह रहा था। घटना की सूचना मिलते ही युवक के परिजनों को भी अवगत कराया गया है।
पुलिस बोली- जांच कर रहे
परपा थाना प्रभारी मोहम्मद तारिक ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है और हर पहलू से जांच की जा रही है। युवक ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया, इसके कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस परिजनों और संबंधित लोगों से पूछताछ कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।