छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में पिछले 5 दिन में करीब 1 करोड़ 47 लाख 50 हजार कैश पकड़ाया

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में पिछले 5 दिन में करीब 1 करोड़ 47 लाख 50 हजार कैश पकड़ाया है। ओडिशा के रास्ते आ रहे व्यापारी की कार से ये पैसे जब्त किए गए हैं। इनमें एक रायपुर का व्यापारी भी शामिल है। छत्तीसगढ़-ओडिशा की अंतरराज्यीय सीमा की नाके पर अलग-अलग थाना पुलिस ने ये कार्रवाई की।

बड़ी रकम लेकर व्यापारी ओडिशा से छत्तीसगढ़ आ रहे थे, लेकिन उनके पास वैध डॉक्यूमेंट नहीं थे। इसे हवाले के पैसे से जोड़कर भी जांच की जा रही है। पुलिस ने सारा पैसा जब्त कर इनकम टैक्स विभाग को आगे की जांच के लिए सौंप दिया है। इसके साथ ही 2 लग्जरी कारें जब्त की गई हैं। जानिए किन व्यापारियों से कितना कैश पकड़ाया…

  • 16 मार्च – महाप्रज्ञ जैन (47), निवासी ओडिशा- 75 लाख कैश (कोमाखान)
  • 19 मार्च – मोहित आनंद (26), निवासी ओडिशा- 25 लाख कैश (पटेवा थाना)
  • 20 मार्च – केशव अग्रवाल (24), निवासी ओडिशा – 15 लाख कैश (बलौदा थाना)
  • 20 मार्च – आशु बंसल (28), निवासी रायपुर – 32 लाख 50 हजार (बसना थाना)

केस 1 – रायपुर की कार से 32 लाख 50 हजार कैश मिला

20 मार्च को जिले की बसना पुलिस ने पलसापाली नाके पर संदिग्ध कार (CG 04 QU 6591) को रोका। गाड़ी ओडिशा के पदमपुर से छत्तीसगढ़ की ओर आ रही थी।

कार में रायपुर के आशु बंसल और बालाघाट निवासी ड्राइवर महेंद्र चौहान सवार थे। तलाशी के दौरान कार से 32 लाख 50 हजार रुपए कैश बरामद हुआ। लेकिन पैसे से जुड़े कोई डॉक्यूमेंट नहीं दिखा सके।

केस 2 – ओडिशा की गाड़ी से 15 लाख बरामद

20 मार्च को दूसरी कार्रवाई बलौदा थाना के सिरपुर नाके पर हुई। चेकिंग के दौरान एक्सयूवी कार (OD 08 AA 4159) रोका और 15 लाख रुपए कैश बरामद किया गया। कार में ओडिशा निवासी केशव अग्रवाल और गोविंद चंद मुंड सवार थे। वो पैसों के संबंध में कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सके।

पुलिस ने दोनों मामलों में आरोपियों से पूछताछ के दौरान पैसे के स्रोत और परिवहन से जुड़े दस्तावेज मांगे। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर बीएनएस की धारा 106 के तहत कैश और वाहनों को जब्त कर लिया गया।

केस 3 – कोमाखान थाना क्षेत्र में 75 लाख कैश मिला

16 मार्च को जिले की कोमाखान पुलिस ने वाहन चेकिंग में एक कार से 75 लाख कैश पकड़े। कार में ओडिशा निवासी महाप्रज्ञ जैन और राजेंद्र महानंद सवार थे।

गाड़ी कांटाबांजी से रायपुर की तरफ आ रही थी। दोनों से जब कैश के बारे में पूछा गया तो वे कोई डॉक्यूमेंट नहीं दिखा पाए। पुलिस ने पूरे पैसे जब्त कर लिए।

जांच में ये बात सामने आई कि ये पैसे रायपुर के सोना चांदी व्यापारियों को देने जा रहे थे।

केस 4 – पटेवा थाना क्षेत्र में 25 लाख कैश पकड़ाया

19 मार्च को पटेवा थाना पुलिस ने नेशनल हाईवे-53 पर ग्राम जोगीडीपा के पास की। वाहन चेकिंग के दौरान एक लग्जरी कार से 25 लाख रुपए नकद बरामद किए हैं।

काले रंग की मारुति ग्रैंड विटारा (क्रमांक ओडी 15 एए 5080) को रोका गया। गाड़ी में ओडिशा के रहने वाले मोहित आनंद (26) सवार थे। उनके पास 500-500 के नोटों के 50 बंडल मिले।

पूछताछ में उन्होंने बताया कि वे रायपुर में फ्लैट खरीदने जा रहे थे। लेकिन इतनी बड़ी रकम के वैध डॉक्यूमेंट नहीं थे।

ASP बोली – IT डिपार्टमेंट करेगा जांच

एडिशनल एसपी प्रतिभा पाण्डेय ने कहा कि इतनी मात्रा में कैश की लेन-देन की जांच इनकम टैक्स डिपार्टमेंट को सौंपा गया है। व्यापारियों का कैश बताया जाता है।