अंबिकापुर-प्रतापपुर मुख्य मार्ग पर खड़गवां बैंक के पास सड़क किनारे खड़ी 2 महिलाओं को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी

Chhattisgarh Crimesअंबिकापुर-प्रतापपुर मुख्य मार्ग पर खड़गवां बैंक के पास सड़क किनारे खड़ी 2 महिलाओं को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। दोनों महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ड्राइवर कार छोड़कर भाग निकला। दोनों महिलाओं के शवों को प्रतापपुर भेज दिया गया। शुक्रवार को उनके शवों को पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। मामला प्रतापपुर थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, ग्राम चंद्रपुर निवासी ननका सिंह अपनी पत्नी खुलासो (45) के साथ गुरुवार को केरता आया था। शाम को वे केरता निवासी रिश्तेदार महिला श्यामपति (35) पति हाकिम सिंह को साथ लेकर चंद्रपुर जाने के लिए निकला था। वे खड़गवां पहुंचे तो ननका ने अपनी बाइक को सड़क किनारे रोक दी और कुछ सामान लेने दुकान चला गया।

दोनों महिलाएं सड़क किनारे खड़ी होकर ननका का इंतजार कर रही थीं। सड़क किनारे खड़ी दोनों महिलाओं को अंबिकापुर से प्रतापपुर की ओर जा रहे तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि सड़क किनारे खड़ी दोनों महिलाएं उछलकर दूर जा गिरीं। हादसे में गंभीर चोट आने की वजह से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में पहुंच गए। दोनों महिलाओं को प्रतापपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।

कार छोड़कर भागा ड्राइवर

हादसे के बाद कार के ड्राइवर ने कुछ दूर आगे जाकर गाड़ी रोक दी और भाग निकला। पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है। पुलिस ने कार ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने शुक्रवार को दोनों महिलाओं के शवों का पोस्टमॉर्टम कराया और परिजनों को सौंप दिया है।

हादसे के बाद खड़गवां के लोग सहमे हुए हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि तेज रफ्तार के कारण यहां अक्सर हादसे होते रहे हैं। पहले भी सड़क पर स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग की जा चुकी है।

Exit mobile version