
बताया जा रहा है कि प्रेमलाल गुरुवार शाम से लापता था। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। शुक्रवार सुबह पुल के नीचे शव मिलने की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया है।
फिलहाल पुलिस अब इस बात की जांच में जुटी है कि यह मामला महज हादसा है, आत्महत्या है या इसके पीछे कोई गहरी साजिश छिपी हुई है।
आइसक्रीम खाने के बहाने रुका, फिर नहीं लौटा
पुलिस जानकारी के मुताबिक प्रेमलाल अपने एक दोस्त के साथ घूमने निकला था। निसदा मोड़ के पास उसने दोस्त से कहा कि उसे आइसक्रीम खानी है। वह वहीं रुक गया, जबकि उसका दोस्त आगे बढ़ गया। काफी देर तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों की चिंता बढ़ गई।
भाई को भेजा भावुक मैसेज
जांच के दौरान एक अहम सुराग मिला है। बताया जा रहा है कि प्रेमलाल ने मौत से पहले अपने भाई को व्हाट्सएप पर भावुक संदेश भेजा था। इसमें उसने अपनी शारीरिक परेशानी और मानसिक तनाव का जिक्र किया था। पुलिस के अनुसार, वह लंबे समय से बीमारी से परेशान था।
हर एंगल से जांच में जुटी पुलिस
आरंग पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। मामले की जांच आत्महत्या और हत्या दोनों पहलुओं से की जा रही है। मृतक के दोस्तों से पूछताछ जारी है।
थाना प्रभारी ने कही यह बात
आरंग थाना प्रभारी हरीश साहू ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला बीमारी से परेशान होकर उठाए गए आत्मघाती कदम की ओर इशारा कर रहा है। भाई को भेजा गया मैसेज भी इस दिशा में संकेत देता है।
फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिसके बाद स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी।